NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, दमोह के दो सगे भाइयों की मौत..

Spread the love


NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, दमोह के दो सगे भाइयों की मौत..


गयाजी से पिंडदान कर लौट रहे थे दोनों, इनोवा डिवाइडर से टकराई; चालक गंभीर घायल..


मैहर। नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार तड़के करीब 3 बजे ग्राम पोड़ी के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दमोह निवासी दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब गयाजी में पितरों का पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म संपन्न कर तीनों इनोवा कार से दमोह लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे की सूचना मिलने पर मैहर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे में दमोह निवासी सुधीर गंगेले (61) पिता वीरेंद्र गंगेले और उनके छोटे भाई डॉ. संजय गंगेले (59) पिता वीरेंद्र गंगेले की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान राजा रैकवार (27) पिता हल्लू रैकवार, निवासी दमोह के रूप में हुई है।


झपकी आने से हादसे की आशंका..


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक राजा रैकवार ने पुलिस को बताया कि रात करीब 3 बजे उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस द्वारा हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।


दमोह में शोक की लहर..


मृतक सुधीर गंगेले दमोह के एक शासकीय स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। वहीं डॉ. संजय गंगेले चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े थे। उनकी पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले दमोह में स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय वह किसी कार्य से भोपाल गई हुई थीं। हादसे की सूचना मिलने के बाद दमोह स्थित परिजन मैहर के लिए रवाना हो गए।

पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

About The Author