राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में दमोह में कांग्रेस का प्रदर्शन, चार पुतलों का दहन..
अंबेडकर चौक पर देर रात जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ की नारेबाजी..
दमोह। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं को दिल्ली में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में दमोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में अंबेडकर चौक पर रात करीब 10 बजे पुतला दहन किया गया।
दिल्ली में विपक्षी नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। 7 अक्टूबर को भी राहुल गांधी और कई विपक्षी सांसदों को जंतर-मंतर की ओर जाते समय दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप..
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उन्हें चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और SIR प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी नेताओं का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से निराकरण होना चाहिए। चुनाव आयोग और भाजपा इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं और SIR को मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया बताते हैं।
चार पुतलों का किया दहन..
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के प्रतीकात्मक पुतलों का दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी की हिरासत का विरोध किया।
प्रदर्शन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा, संगठन महासचिव नितिन मिश्रा, विजय बहादुर सिंह, परम यादव, रजनी ठाकुर, रोहन पाठक, कमला निषाद, बबलू भट्ट, बसंत कुशवाहा, मुकेश रोहितास, दिनेश रैकवार, अभिषेक यादव, गौरव राय, पप्पू कुशवाहा, अरुण दुबे, शानु जुनेजा और रियाज खान सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर के पार्षद अफजल खान, पप्पू कसोटया, रफीक खान, जीशान पठान, हेमराज और बिंदु पटोटया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन प्रदर्शन में शामिल हुए।
दिल्ली में लगातार जारी है विरोध…
राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं का प्रदर्शन मतदाता सूची के SIR और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर चल रहा है। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन हुए हैं और पुलिस द्वारा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई हैं।
दमोह में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान संवाद और पारदर्शी जांच के माध्यम से होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग भी उठाई।


More Stories
आनु गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो घायल..
सेवा ज्योति यात्रा से गूंजा विकसित भारत का संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने कहा- 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने में हर नागरिक दे योगदान..
दमोह में बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज; 12 हीटर जब्त..