दमोह में वीरांगना युवती सम्मेलन का भव्य आयोजन, नारी सशक्तिकरण और आत्मरक्षा पर हुआ मंथन..

Spread the love


दमोह में वीरांगना युवती सम्मेलन का भव्य आयोजन, नारी सशक्तिकरण और आत्मरक्षा पर हुआ मंथन..


अभाविप के सम्मेलन में पंच परिवर्तन का संदेश, छात्राओं को साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय..


दमोह। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) महाकोशल प्रांत, जिला दमोह के तत्वावधान में स्थानीय मानस भवन में वीरांगना युवती सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में छात्राओं और युवतियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर वक्ताओं ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदेमातरम, देशभक्ति गीतों तथा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य और ओजस्वी कविता पाठ ने कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाया।


मुख्य वक्ता ने दिया पंच परिवर्तन का संदेश..


कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मेघा ताम्रकार ने अपने संबोधन में समाज और राष्ट्र के विकास के लिए पंच परिवर्तन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य और स्वदेशी जीवनशैली को पंच परिवर्तन के प्रमुख आयाम बताते हुए युवाओं से इन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर स्वावलंबी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।


शिक्षा और नेतृत्व में आगे बढ़ें युवतियां..


अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य साक्षी बोहरे ने महिला विमर्श एवं समाज में महिलाओं की सार्थक सहभागिता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि नारी परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला है। आज की युवतियों को शिक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी पहचान स्थापित करनी चाहिए।
वहीं अभाविप सागर विभाग छात्रा प्रमुख सौम्या तिवारी ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन की रीति-नीति और छात्र शक्ति की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला।


आत्मरक्षा को लेकर छात्राओं को किया जागरूक..


सम्मेलन के विशेष सत्र में नारी सशक्तिकरण एवं आत्मरक्षा पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने छात्राओं से मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया। छात्राओं ने अपनी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ सामना करने का संकल्प लिया।


साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके..


कार्यक्रम में उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल ने साइबर सुरक्षा को लेकर छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होने पर तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन की सहायता लेने के लिए भी छात्राओं को प्रेरित किया गया।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन..


सम्मेलन के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं उपस्थित छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ वीरांगना युवती सम्मेलन का समापन हुआ।

About The Author