जनसुनवाई में 224 आवेदन, कलेक्टर ने मौके पर कराए कई मामलों के निराकरण..

Spread the love

जनसुनवाई में 224 आवेदन, कलेक्टर ने मौके पर कराए कई मामलों के निराकरण..


पुलिस-राजस्व की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, वृद्ध को कान की मशीन और महिला के 15 हजार के बिजली बिल का कराया समाधान..


दमोह। आमजन की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 224 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेकर प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उनका मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य मामलों में समय-सीमा तय कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


जनसुनवाई में पुलिस, राजस्व और नगरीय निकाय से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। पुलिस से जुड़ी शिकायतों में एफआईआर दर्ज नहीं होने अथवा शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के मामलों को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी से दूरभाष पर चर्चा कर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


वृद्धजनों की समस्याओं पर दिखाई संवेदनशीलता..


जनसुनवाई में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लेकर पहुंचे वृद्धजनों को भी तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई। एक वृद्ध को उपचार की आवश्यकता होने पर एम्बुलेंस से अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई गई। वहीं वृद्धाश्रम के प्रभारी को वृद्धजनों की देखभाल पूरी संवेदनशीलता के साथ करने तथा किसी भी वृद्ध की तबीयत खराब होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


उन्हारी खेड़ा में लगेगा विशेष शिविर..


उन्हारी खेड़ा से वन व्यवस्थापन से संबंधित प्रकरण लेकर पहुंचे ग्रामीणों की समस्या पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीएम तेंदूखेड़ा को अगले दिन गांव में विशेष शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के निर्देश दिए। शिविर में पात्रता का परीक्षण कर मुआवजे से संबंधित कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

जरूरतमंद वृद्ध को मौके पर मिली कान की मशीन..


जनसुनवाई में एक वृद्ध व्यक्ति ने सुनने में परेशानी और कान की मशीन की आवश्यकता बताई। परीक्षण के दौरान कान की मशीन की आवश्यकता पाए जाने पर कलेक्टर के निर्देश पर उन्हें तत्काल कान की मशीन उपलब्ध कराई गई। इससे प्रशासन की जनसुनवाई में केवल आवेदन लेने के बजाय जरूरत के अनुसार मौके पर सहायता उपलब्ध कराने की पहल सामने आई।


15 हजार रुपये के बिजली बिल की शिकायत का तत्काल समाधान..


एक महिला ने घर का बिजली बिल करीब 15 हजार रुपये आने की शिकायत कलेक्टर के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल डिप्टी कलेक्टर को संबंधित महिला के साथ एमपीबी कार्यालय भेजा। साथ ही संबंधित डीई को मौके पर पहुंचकर बिजली बिल की जांच करने के निर्देश दिए गए। जांच के बाद महिला की बिजली बिल संबंधी समस्या का समाधान किया गया।


हाईकोर्ट में पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश..


जनसुनवाई में वर्ष 2007 में भर्ती हुए एक सचिव ने लंबे समय से लंबित समस्या के समाधान की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर ने मामले में आवश्यक प्रयास करने के साथ ही विधि सहायता केंद्र के प्रभारी को निर्देश दिए कि संबंधित व्यक्ति को हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखने के लिए अधिवक्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।


हर आवेदन की गंभीरता से समीक्षा..


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि आमजन अपनी अपेक्षाओं और विश्वास के साथ जनसुनवाई में आएं और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता, तत्परता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निराकरण हो। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिले तथा अनावश्यक रूप से लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

About The Author