दमोह से 479 तीर्थयात्रियों को लेकर जगन्नाथ पुरी रवाना हुई विशेष ट्रेन
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बोले— बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराना सरकार के लिए सौभाग्य
दमोह। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत दमोह जिले के 479 तीर्थयात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी रवाना हुई। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने तीर्थयात्रियों का पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर स्वागत किया और विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि जब बुजुर्ग तीर्थयात्रा पर जाकर प्रसन्नता के साथ आशीर्वाद देते हैं, तो यह सरकार के लिए संतोष और सौभाग्य का विषय होता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुजुर्ग माता-पिता को तीर्थ दर्शन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार श्रवण कुमार की भावना के साथ बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का कार्य कर रही है।
दमोह जिले का तीर्थयात्रा कोटा बढ़ाकर 500 किया
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया कि पहले दमोह जिले के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 150 यात्रियों का कोटा निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर अब 500 कर दिया गया है। इससे जिले के अधिकाधिक श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है। वर्तमान यात्रा में 479 तीर्थयात्री भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विशेष व्यवस्था
तीर्थयात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन में 10 अनुरक्षक, एक चिकित्सक, एक सहायक तथा पांच सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
अयोध्या के लिए भी विशेष ट्रेन चलाने का प्रयास
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अयोध्या के लिए भी विशेष तीर्थ दर्शन ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही श्रद्धालुओं को अयोध्या यात्रा की सौगात मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने के लिए प्रयासरत रहेगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु अपनी तीर्थ दर्शन की इच्छा पूरी कर सकें।


More Stories
दमोह में ट्राली चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 8 लाख का ट्रैक्टर भी जब्त..
दमोह में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 14 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार..
दमोह में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, रावण दहन की 100वीं वर्षगांठ को भव्य बनाने की तैयारी..