दमोह में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 14 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
न्यू ओवरब्रिज के पास पकड़ी गई गांजे की खेप, कीमत 2.87 लाख रुपये; गांजे के स्रोत की तलाश में जुटी पुलिस
दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ दमोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 किलो 378 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 87 हजार 600 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडेय के नेतृत्व में 8 अक्टूबर को कार्रवाई की गई।
सागरनाका पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने सरदार वल्लभभाई पटेल न्यू ओवरब्रिज के पास दबिश देकर राजेश जैन (41), निवासी वार्ड क्रमांक 4, घांघरी मार्ग, नोहटा, जिला दमोह को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14 किलो 378 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 723/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब जब्त गांजे के स्रोत का पता लगाने और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, उपनिरीक्षक विक्रम दांगी, सहायक उपनिरीक्षक जागेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक नीरज श्रीवास्तव एवं रामकुमार तथा आरक्षक अरविंद, गोपाल सिंह और सोहिल खान की सराहनीय भूमिका रही।


More Stories
दमोह में ट्राली चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 8 लाख का ट्रैक्टर भी जब्त..
दमोह से 479 तीर्थयात्रियों को लेकर जगन्नाथ पुरी रवाना हुई विशेष ट्रेन..
दमोह में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, रावण दहन की 100वीं वर्षगांठ को भव्य बनाने की तैयारी..