नरसिंहगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित, 20 हितग्राहियों को मिली स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री
राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया शिविर का निरीक्षण, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बिजली बिलों की शिकायतें एक सप्ताह में सुधारने और जल संसाधन विभाग के गेट सात दिन में दुरुस्त करने के दिए निर्देश
दमोह। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को भव्य जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पहल की गई। इस अवसर पर स्वामित्व योजना के तहत सांकेतिक रूप से 20 हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित की गई।
शिविर में प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
हर शुक्रवार अलग-अलग स्थानों पर लग रहे शिविर
राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित जन विश्वास शिविरों के माध्यम से आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक सीधी पहुंच मिल रही है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में हर शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन दर्ज किए जा रहे हैं। इनमें से जिन समस्याओं का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल हल करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि स्थानीय स्तर पर निराकृत नहीं हो पाने वाले प्रकरणों को आगे की कार्रवाई के लिए राज्य स्तर पर भेजा जा रहा है। सभी आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किए जाने से आवेदक अपने आवेदन की स्थिति जान सकते हैं। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलती है।
राज्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को लाभान्वित करना है। उन्होंने नागरिकों को आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रही : रंजीता पटेल
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य जनता का विश्वास और भरोसा मजबूत करना है। शिविर के माध्यम से सरकार आम नागरिकों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने कामों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता था। किसी को पटेरा, तो किसी को नरसिंहगढ़ या बटियागढ़ के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की एक ही स्थान पर मौजूदगी से लोगों को सुविधाएं मिल रही हैं। इससे समय और संसाधनों की बचत होने के साथ सरकारी सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलती है।
किसानों और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
गोपाल पटेल ने कहा कि शिविर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर चर्चा की, ताकि जिन किसानों और जरूरतमंद नागरिकों को अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनकी समस्याओं को समझकर सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और जनता तथा सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आधार, समग्र आईडी, ई-केवाईसी और स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शिविर में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इनमें आधार कार्ड अपडेशन, समग्र आईडी निर्माण और ई-केवाईसी अपडेशन से संबंधित कार्य किए गए। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई।
इसके अलावा किसानों की फार्मर आईडी बनाने तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत आवेदन लेने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया संचालित की गई। शिविर में उपस्थित नागरिकों से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक भी लिया गया। प्रशासन के अनुसार, अधिकांश नागरिकों ने योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी दी।
बिजली बिलों की शिकायतें एक सप्ताह में सुधारने के निर्देश
शिविर के दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारियों और मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों को कृषि कार्य के लिए निर्धारित 10 घंटे बिजली समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गलत बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर उनमें सुधार कर बिल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग शिकायतों के निराकरण में लापरवाही न बरतें।
जल संसाधन विभाग के गेट सात दिन में दुरुस्त करने के निर्देश
जल संसाधन विभाग से संबंधित शिकायतों पर भी कलेक्टर ने संज्ञान लिया। बांधों के गेट समय पर बंद नहीं किए जाने से जुड़ी शिकायतों के संबंध में उन्होंने सात दिन के भीतर सभी संबंधित गेटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना और जल संरक्षण के साथ भू-जल स्तर को रिचार्ज करने के प्रयासों को गति देना है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं के निराकरण में तय समय-सीमा का पालन किया जाए और आम नागरिकों को बार-बार शिकायत करने की स्थिति न बने।
स्वामित्व योजना के 20 हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित
शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत सांकेतिक रूप से 20 हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित की गई। इस अवसर पर राज्यमंत्री लखन पटेल ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने के साथ नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया गया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, जनपद पंचायत अध्यक्ष खिलान सिंह, खरगराम पटेल, गोपाल पटेल, दिनेश पटेल, माया पटेल, संगीता श्रीधर, लता मोदी, रघुवीर सिंह, राजेंद्र बिदौलिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम निकेत चौरसिया, जनपद पंचायत के सीईओ ए.के. सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


More Stories
दमोह पुलिस लाइन में जनरल परेड, एसपी आनंद कलादगि ने परखा जवानों का अनुशासन..
दमोह में शराब से जुड़े तीन मामले: नरसिंहगढ़ में युवक की मौत, हिंडोरिया में तीन की तबीयत बिगड़ी; पथरिया में 16 लाख की शराब जब्त..
नोहटा पुलिस ने लूट और चार चोरियों का किया खुलासा, 13.72 लाख का सोना-चांदी बरामद..