चम्पत पिपरिया के पास कंटेनर और आयशर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, चालक गंभीर घायल; जबलपुर रेफर
क्रॉसिंग के दौरान रॉन्ग साइड मुड़ने से हुआ भीषण हादसा, टक्कर के बाद केबिन में फंसा चालक; घटना का वीडियो आया सामने
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत चम्पत पिपरिया के पास उमरी में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां कंटेनर और आयशर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के ओरछा निवासी ट्रक चालक राजीव पिता रामदास यादव (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के चलते जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों वाहनों की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है।
क्रॉसिंग के दौरान रॉन्ग साइड मुड़ने से हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में एक ट्रक क्रमांक HR 38 AG 1798 नरसिंहगढ़ की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा वाहन क्रमांक HR 38 AH 5081 दमोह की तरफ से जा रहा था। चम्पत पिपरिया के पास उमरी में क्रॉसिंग के दौरान दोनों भारी वाहन आमने-सामने आ गए और उनके बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में ही फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को बाहर निकालने में मदद की।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी ने भी तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया।
चालक ने रॉन्ग साइड मुड़ने को बताया हादसे की वजह
छतरपुर से दमोह-जबलपुर की ओर जा रहे ट्रक चालक आवेद खान ने बताया कि क्रॉसिंग के दौरान दमोह से छतरपुर की ओर जा रहा ट्रक रॉन्ग साइड मुड़ गया, जिसके कारण दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। वहीं, घायल चालक के नशे में होने की बात भी मौके पर चर्चा में आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दाहिने पैर में फ्रैक्चर, जबलपुर किया रेफर
जिला अस्पताल में घायल का उपचार कर रहे डॉक्टर बहादुर सिंह ठाकुर ने बताया कि राजीव यादव के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है और पैर फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जबलपुर रेफर किया जा रहा है।
क्रेन से हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन, यातायात कराया बहाल
दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों भारी वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया। नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारु किया जा सके। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


More Stories
दमोह पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, PIT NDPS एक्ट में दो आरोपी केंद्रीय जेल भोपाल भेजे गए..
हटा में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा
दमोह में स्कॉर्पियो से 162 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, 90 हजार की शराब के साथ वाहन भी पकड़ा; चालक फरार..