दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो आदतन गांजा तस्करों पर PIT NDPS एक्ट के तहत शिकंजा, केंद्रीय जेल भोपाल भेजे गए
राजेश साहू पर एक साल और कमलेश उपाध्याय पर छह माह का निरोध वारंट जारी, दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के कई मामले दर्ज
दमोह। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए दमोह पुलिस ने बड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। लगातार गांजे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए दो आदतन तस्करों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988 (PIT NDPS एक्ट) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को निरोध वारंट के पालन में केंद्रीय जेल भोपाल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा हटा एवं पथरिया एसडीओपी के नेतृत्व में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लगातार गांजे की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों के विरुद्ध निरोध प्रतिवेदन तैयार कर आयुक्त, सागर संभाग के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। प्रकरणों पर विचार करने के बाद आयुक्त द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ निरोध आदेश पारित करते हुए केंद्रीय जेल भोपाल के लिए वारंट जारी किए गए।
ओडिशा से गांजा लाकर बेचता था राजेश साहू, एक साल के लिए निरुद्ध
पहली कार्रवाई थाना पटेरा क्षेत्र के ग्राम देवडोगरा निवासी 40 वर्षीय राजेश साहू पिता कल्लू साहू के विरुद्ध की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दमोह जिले में NDPS एक्ट के तहत छह गंभीर प्रकरण दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोपी कथित तौर पर ओडिशा से गांजा खरीदकर स्थानीय क्षेत्रों में बिक्री के लिए लाता था। आयुक्त सागर संभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध एक वर्ष का निरोध आदेश पारित किया गया था। आदेश के पालन में थाना प्रभारी निरीक्षक रचना मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत केंद्रीय जेल भोपाल भेज दिया।
चार NDPS मामलों में नामजद कमलेश उपाध्याय पर छह माह का निरोध
दूसरी कार्रवाई थाना हिण्डोरिया क्षेत्र के ग्राम गुंजी निवासी 60 वर्षीय कमलेश उपाध्याय पिता स्वर्गीय कृपाशंकर उपाध्याय के विरुद्ध की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जिले में NDPS एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोपी पर क्षेत्र में गांजा लाकर अवैध बिक्री करने में लगातार संलिप्त रहने का आरोप है। आयुक्त सागर संभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध छह माह का निरोध आदेश जारी किया गया था। वारंट के पालन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर के नेतृत्व में हिण्डोरिया पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भोपाल दाखिल कराया।
दोनों थानों की पुलिस टीमों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पटेरा की थाना प्रभारी निरीक्षक रचना मिश्रा, उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह, प्रमोद चौबे, महेश उपाध्याय, आरक्षक ब्रजेश आठया, अमित राज, इंद्रजीत सिंह, अनिल सिंह एवं बालमुकुन्द की सराहनीय भूमिका रही।
वहीं थाना हिण्डोरिया की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक मलखान सिंह, प्रधान आरक्षक रघुराज सिंह, अजय मिश्रा, भूपेन्द्र राजपूत तथा आरक्षक रोहित राजपूत, पार्थ चौधरी एवं जसवंत का योगदान रहा।
दमोह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खरीद-फरोख्त और नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


More Stories
चम्पत पिपरिया के पास कंटेनर और आयशर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, चालक गंभीर घायल; जबलपुर रेफर..
हटा में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा
दमोह में स्कॉर्पियो से 162 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, 90 हजार की शराब के साथ वाहन भी पकड़ा; चालक फरार..