दमोह में 20 नवंबर से सजेगा स्वदेशी मेला 2026, स्थानीय रोजगार और पारंपरिक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा..

Spread the love

दमोह में 20 नवंबर से सजेगा स्वदेशी मेला 2026, स्थानीय रोजगार और पारंपरिक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

तहसील मैदान में 1 दिसंबर तक होगा आयोजन, स्वदेशी उत्पादों के साथ महिला उद्यमियों और नए कारोबारियों को भी मिलेगा मंच; सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

दमोह। स्वदेशी, स्वावलंबन और सशक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से दमोह में एक बार फिर स्वदेशी मेले का आयोजन होने जा रहा है। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में नगर के तहसील मैदान में 20 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक स्वदेशी मेला 2026 आयोजित किया जाएगा। जिले में यह मेले का तीसरा संस्करण है। इसके माध्यम से स्थानीय व्यापार, पारंपरिक उद्योगों, स्वदेशी उत्पादों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

मेले की तैयारियों, रूपरेखा और विभिन्न आयोजनों की जानकारी देने के लिए बुधवार को मेला परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मेले की विशेषताओं और व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।

स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच

मेले की संयोजिका डॉ. मोनिका पालिवाल ने बताया कि स्वदेशी मेले का उद्देश्य केवल स्थानीय एवं भारतीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आमजन को मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का बेहतर अनुभव देना भी है। इस वर्ष मेले में कई नए उद्यमियों के साथ नारी शक्ति को भी अपने उत्पादों और व्यवसाय को प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया है।

तीसरे संस्करण में और भव्य होगा आयोजन

मेला समन्वयक डॉ. सोनल राय ने बताया कि जब स्वर्णिम भारत फाउंडेशन और स्वदेशी जागरण मंच ने दमोह में इस आयोजन की शुरुआत की थी, तब यह सभी के लिए एक नया अनुभव था। स्वदेशी की अवधारणा और सशक्त भारत के विचार को लेकर शुरू हुआ यह प्रयास आज आमजन के विश्वास, कार्यकर्ताओं के सहयोग और मीडिया के समर्थन से तीसरे संस्करण तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ते जनसमर्थन के साथ मेले का स्वरूप भी भव्य होता जा रहा है।

पिछले वर्ष प्रतिदिन पहुंचे थे हजारों लोग

मेला समन्वयक बृजेन्द्र राठौर ने बताया कि पिछले वर्ष मेले में प्रतिदिन लगभग 10 हजार लोग पहुंचे थे, जबकि सप्ताहांत में यह संख्या 20 हजार से भी अधिक हो गई थी। इस वर्ष भी आयोजकों को आमजन के इसी उत्साह और सहयोग की उम्मीद है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

आयोजकों ने बताया कि मेले में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही निजी सुरक्षा एजेंसी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन से भी आवश्यक सहयोग मिल रहा है। मेले में पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं की टीम के लिए अलग-अलग स्टॉल निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा साफ-सफाई और वाहन पार्किंग की व्यवस्था के लिए भी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार मेले में व्यापारियों के साथ विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता भी रहेगी। पारंपरिक और स्थानीय बाजारों के समागम के साथ आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान चंद्रभान पटेल, दीपक तिवारी सहित आयोजन से जुड़े अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अनिल खरे ने आभार व्यक्त किया।

About The Author

You may have missed