स्वदेशी मेले के तीसरे दिन भक्ति भजनों की गूंज से भक्तिमय हुआ परिसर, स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
भजन प्रतियोगिता में शहरी और ग्रामीण मंडलियों ने दिखाई प्रतिभा, महाकाली नृत्य की भव्य प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र; विधायक जयंत मलैया ने दिलाया स्वदेशी अपनाने का संकल्प
दमोह। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में नगर के तहसील मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला 2026 में प्रतिदिन उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। मेले के तीसरे दिन रविवार को विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में कहीं संगीतमय भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं तो कहीं स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों ने अपनी सहभागिता से आयोजन को विशेष बना दिया।
भजन प्रतियोगिता में दिखी संगीत और भक्ति की अनूठी संगम
स्वदेशी मेले के तीसरे दिन दोपहर में आयोजित संगीतमय भजन प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता प्रभारी श्रीमती मीना पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आई विभिन्न भजन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। मंडलियों ने पारंपरिक भजनों के माध्यम से भक्ति, संगीत और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता में देशी और विदेशी वाद्ययंत्रों की धुनों का अनूठा समन्वय देखने को मिला। भजन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों को स्वयं तैयार किए गए शब्दों और संगीत के माध्यम से सजाया, जिससे कार्यक्रम में मौलिकता और रचनात्मकता का विशेष रंग दिखाई दिया। मधुर स्वरों में प्रस्तुत भजनों ने निर्णायक मंडल के साथ-साथ उपस्थित श्रोताओं को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती किरण गोस्वामी, डॉ. मोनिका पालीवाल, श्रीमती मनोरमा रतले, श्रीमती ऋतु अग्रवाल एवं काव्या मिश्रा शामिल रहीं।
शहरी क्षेत्र की प्रतियोगिता में श्रीजी मंडल प्रथम
शहरी क्षेत्र की भजन प्रतियोगिता में श्रीजी मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवराम महिला मंडल द्वितीय, कामाख्या देवी मंडल तृतीय और मनसा देवी मंडल चतुर्थ स्थान पर रहा।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र की प्रतियोगिता में बाके बिहारी मंडल ने प्रथम, खेरमाता मंडल ने द्वितीय तथा भोलेबाबा मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त जानकी देवी को विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महाकाली के स्वरूप में नृत्य प्रस्तुति ने बांधा समां
दोपहर के आयोजनों के बाद शाम को मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान मां महाकाली को समर्पित भव्य नृत्य प्रस्तुति दी गई। महाकाली के स्वरूप में कलाकार की भावपूर्ण अभिव्यक्ति, आकर्षक वेशभूषा और प्रभावशाली भाव-भंगिमाओं ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से सजी इस प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
इसके साथ ही सद्भावना स्कूल के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
स्वदेशी में ही समाहित है भारत की असली आत्मा : जयंत मलैया
मेले में आयोजित विशेष मंचीय कार्यक्रम में दमोह विधायक एवं पूर्व मंत्री जयंत मलैया मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने स्वदेशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वदेशी में ही भारत की असली आत्मा समाहित है। प्रत्येक नागरिक को संकल्प के साथ विदेशी वस्तुओं का त्याग कर स्वदेशी उत्पादों को अपने दैनिक जीवन में स्थान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब देश का नागरिक स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देगा, तभी भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ सकेगा। स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से स्थानीय उद्योगों और व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा तथा आमजन के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और देश की आर्थिक मजबूती में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
अतिथियों की उपस्थिति में दिलाया गया स्वदेशी संकल्प
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री गोपाल पटेल, जिला महामंत्री अरुण तिवारी, महेश पटेल, मनीष तिवारी, संजय सेन, राघवेंद्र परिहार, अमित बजाज, महाराज सिंह लोधी, भरत यादव, कैट अध्यक्ष प्रमोद बजाज, लायनेस क्लब अध्यक्ष अधीर पांडे, कपिल शुक्ला, राजेंद्र चौरसिया, रमाकांत वाजपेयी, जयसिंह कड़ोप एवं ब्रजेन्द्र अहिरवार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के रविन्द्र जी ने उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। सभी ने देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने और स्थानीय व्यापार एवं उद्यमों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।
व्यापार और उद्यम के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों का सम्मान
स्वदेशी मेले के मंच से जिले में व्यापार एवं उद्यम के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को उद्यमी सम्मान से सम्मानित किया गया। इस क्रम में श्रीमती रेखा जैन, सुश्री सपना राजपूत, विक्रम राजपूत एवं मेकअप आर्टिस्ट आस्था सिंह राजपूत को सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से स्थानीय स्तर पर व्यवसाय और स्वरोजगार के क्षेत्र में सक्रिय लोगों के योगदान को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कृष्णा पटेल ने किया। स्वदेशी मेले के तीसरे दिन धार्मिक प्रस्तुतियों, भजन प्रतियोगिता, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक गतिविधियों और स्वदेशी संकल्प के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भर भारत का संदेश देखने को मिला। मेले में प्रतिदिन आयोजित हो रही प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिभाओं की भागीदारी आयोजन को लगातार आकर्षक बना रही है।


More Stories
दमोह में गांजा तस्करी पर तेंदूखेड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, 13 किलो 990 ग्राम गांजे के साथ महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार..
गौ सम्मान आवाहन अभियान को लेकर दमोह में संभागीय बैठक आयोजित, 4 दिसंबर को भोपाल पहुंचने का सनातन शरण महाराज ने किया आह्वान..
समाज की भागीदारी से विकास कार्यों को मिलेगी और गति, राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया 14.50 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन..