बिटिया का जन्मदिन वृद्धाश्रम में मनाकर कलेक्टर ने जीता बुजुर्गों का दिल..
कहा- “आप चिंता न करें, जिले का कलेक्टर ही आपका बेटा है”..
दमोह। संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश करते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अपनी बिटिया का जन्मदिन वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच मनाया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और आत्मीयता से कहा, “आप चिंता न करें, जिले का कलेक्टर ही आपका बेटा है।” उनकी इस बात से वृद्धजनों के चेहरे खिल उठे और पूरा माहौल भावुक हो गया।
कलेक्टर यादव ने कहा कि माता-पिता और बुजुर्ग समाज की सबसे बड़ी धरोहर हैं तथा उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने वृद्धजनों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने तीन वृद्धजनों को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपे। उन्होंने बताया कि अब बुजुर्गों को पेंशन प्राप्त करने के लिए बैंक नहीं जाना पड़ेगा। प्रत्येक माह 1 से 15 तारीख के बीच बैंक प्रतिनिधि स्वयं पहुंचकर पेंशन राशि उपलब्ध कराएंगे, जिससे उन्हें सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर ने बताया कि पूर्व भ्रमण के दौरान कुछ वृद्धजनों ने आधार ई-केवाईसी अधूरी होने के कारण पेंशन नहीं मिलने की समस्या बताई थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई कर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई गई और तीन हितग्राहियों की बंद पेंशन पुनः शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेंशन की राशि जल्द ही उनके खातों में पहुंच जाएगी।
इस अवसर पर कलेक्टर ने युवाओं से अपने माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा एवं सम्मान करने का आह्वान किया। साथ ही एक अन्य वृद्ध महिला की नौ माह से बंद पेंशन को भी शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए।
बुजुर्गों ने कलेक्टर की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और कहा कि प्रशासन का यह मानवीय चेहरा समाज के लिए प्रेरणादायक है।



More Stories
हेडलबर्ग सीमेंट फैक्ट्री के औचक निरीक्षण में मिलीं श्रमिकों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं, कार्रवाई के निर्देश..
पात्र वृद्धजनों के लिए चला ‘सेवा और आशीर्वाद अभियान’,
बाल श्रम निषेध दिवस पर कार्यशाला आयोजित, बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लिया संकल्प..