मेनका गांधी पर एफआईआर की मांग, जैन समाज ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन..
पिच्छिका पर कथित टिप्पणी से आक्रोशित समाज बोला- जैन संतों और तीर्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार..
दमोह। जैन धर्म की पवित्र परंपराओं और जैन संतों के सम्मान की रक्षा को लेकर बुधवार को भारतीय जैन मिलन एवं सकल जैन समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में समाजजन एकजुट हुए।
समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनिका गांधी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जैन धर्म में अहिंसा और जीवदया के प्रतीक माने जाने वाले पिच्छिका के संबंध में की गई कथित टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाजजनों ने इसे जैन संत परंपरा और जैन दर्शन का अपमान बताते हुए केंद्र सरकार से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही देशभर में जैन संतों एवं तीर्थस्थलों पर हो रहे हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
इस दौरान जैन समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा वर्ग और मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि जैन संत सूक्ष्म जीवों की रक्षा के लिए पिच्छिका धारण करते हैं और उन पर लगाए गए आरोप पूरी संत परंपरा को बदनाम करने का प्रयास हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर का जैन समाज लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगा।


More Stories
दमोह में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, एक ही घर से दो रिश्तेदारों की नकदी और जेवर पार..
रानी अवंती बाई की 195वीं जयंती पर दमोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा..
दो वर्षों की स्वच्छता सेवा को मिला सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के मंच से टीम उम्मीद सम्मानित..