कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, अजय टंडन बोले- घोटालों पर जवाब दे सरकार..
पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी को लेकर कांग्रेस की पत्रकार वार्ता, आंदोलन की चेतावनी..
दमोह। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी तथा बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजय टंडन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होने और बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। टंडन ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के कारण युवाओं में निराशा बढ़ी है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा ने कहा कि नीट परीक्षा की तैयारी के लिए लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने समय एवं धन खर्च किया, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत प्रभावित हुई है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा कहा कि युवाओं, छात्रों और आम जनता से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों तथा कथित अनियमितताओं पर सरकार द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेगी।
इस अवसर पर नितिन मिश्रा, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, वीरेन्द्र राजपूत, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, डी.पी. पटैल, मुकेश रोहिताश, शुभम तिवारी, अभिषेक यादव, अजय जाटव, रियाज खान, खिल्लू ठाकुर एवं श्रीकांत पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



More Stories
वाटर प्लांट संचालक से 7 हजार रुपये की मांग, पहली किश्त लेते ही दबोचा..
छात्र राजनीति से उभरकर आए प्रमोद विश्वकर्मा को मिली भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी..
ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई, 35 किलो गांजा के साथ उड़ीसा के तीन तस्कर गिरफ्तार..