हटा में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेश सहाय 2000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार..
वाटर प्लांट संचालक से 7 हजार रुपये की मांग, पहली किश्त लेते ही दबोचा..
हटा (दमोह)। दमोह जिले के हटा नगर में गुरुवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) राजेश सहाय को 2000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार हटा निवासी इंद्रकुमार पटेल, जो एक वाटर प्लांट का संचालन करते हैं, ने लोकायुक्त सागर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके वाटर प्लांट के विद्युत कनेक्शन के निरीक्षण तथा मीटर का लोड बढ़ाने एवं कम लोड पर कार्रवाई नहीं करने के बदले कनिष्ठ अभियंता द्वारा 7 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 2000 रुपये दिए जाने थे। गुरुवार को जैसे ही आरोपी अधिकारी ने राशि स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई लोकायुक्त सागर की टीम द्वारा टीआई रंजीत सिंह के नेतृत्व में हटा स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में की गई। टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार मामले में विभाग से जुड़े एक आउटसोर्स कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच के आधार पर उसे सह-आरोपी बनाया गया है। उससे भी पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान विभागीय कार्यालय में लोगों की भीड़ लग गई और घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त संगठन से करें।



More Stories
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, अजय टंडन बोले- घोटालों पर जवाब दे सरकार..
छात्र राजनीति से उभरकर आए प्रमोद विश्वकर्मा को मिली भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी..
ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई, 35 किलो गांजा के साथ उड़ीसा के तीन तस्कर गिरफ्तार..