जनसुनवाई में देर से पहुंचे चार अधिकारियों को कलेक्टर का नोटिस..
सीएमएचओ सहित चार विभागीय प्रमुखों से तीन दिन में मांगा जवाब, लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी..
दमोह। जिला स्तरीय जनसुनवाई में निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने चार जिला स्तरीय अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।
जारी सूचना पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट के भू-तल स्थित कक्ष क्रमांक-10 में प्रातः 11 बजे से जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहती है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी निर्धारित समय पर जनसुनवाई में उपस्थित नहीं हुए।
कलेक्टर ने इसे कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा है कि अधिकारियों का यह आचरण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना है तथा यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन भी है। नोटिस में पूछा गया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न प्रस्तावित की जाए।
इन अधिकारियों को जारी हुआ नोटिस..
कारण बताओ सूचना पत्र मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अठ्या, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अशोक मुकाती, मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित के महाप्रबंधक गौरव सराफ तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री रविदीप वेन को जारी किया गया है।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने अथवा समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



More Stories
डेटा एनालिसिस से पकड़ी गई पेट्रोल पंपों की गड़बड़ी, 20 टीमों की जांच में खुलीं अनियमितताएं..
अवैध खनन पर सख्ती, कार्ययोजना बनाकर करें प्रभावी कार्रवाई : कलेक्टर यादव..
अवैध उत्खनन से छलनी हो रहा दमोह, शिकायतों के बावजूद खनिज विभाग मौन..