दमोह में दर्दनाक सड़क हादसा: चिरई चोंच के पास बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक घायल..
तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सभी यात्री, तीन गंभीर घायलों को जबलपुर रेफर; आबकारी टीम ने दिखाई मानवता..
दमोह। दमोह-जबलपुर मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो रिक्शा सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र अंतर्गत चिरई चोंच के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार यात्री बस ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार महिलाएं, बच्चे व अन्य यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग गाड़ाघाट टपरिया से ऑटो में सवार होकर एक रिश्तेदार के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर जबेरा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बस की तलाश शुरू कर दी है।
आबकारी उप निरीक्षक और स्टाफ बने फरिश्ता..
हादसे के समय ड्यूटी पर जा रहे आबकारी उप निरीक्षक मधुसूदन दीवान अपने स्टाफ आरक्षक छोटेलाल, अरविंद, कुलदीप और सुरेंद्र के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए घायलों को अपने सरकारी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
जिला अस्पताल में चला उपचार..
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटीरत डॉ. अभिजीत, डॉ. बहादुर, डॉ. यशपाल तथा मेडिकल टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
ये लोग हुए घायल..
हादसे में रचना गौंड, कौशल्या, अज्जू (18 वर्ष), वर्षा सिंह, वर्षा, गौराबाई, केसरबाई, जमुनाबाई, वंदना, ऑटो चालक कीरत ठाकुर, रश्मि, रोशनी, नेहा (30 वर्ष), 5 वर्षीय निमरित तथा 7 वर्षीय नेहल सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकांश घायलों को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं।
पुलिस कर रही बस की तलाश..
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार हुई बस की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर दमोह-जबलपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ रहे सड़क हादसों की गंभीर तस्वीर सामने लाता है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार बसों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित यातायात जांच की मांग की है।



More Stories
आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया नन्हीं विधि का जन्मदिन, बच्चों के साथ बांटी खुशियां..
16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तैयारियों को लेकर हुई बैठक..
उर्वरक विक्रेताओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चार लाइसेंस निलंबित..