16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तैयारियों को लेकर हुई बैठक
पुराना थाना स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर से शाम 5 बजे प्रारंभ होगी यात्रा, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
दमोह। पुरैना तालाब स्थित प्राचीन श्री देव जगदीश स्वामी (जगन्नाथ) मंदिर, पुराना थाना में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की वार्षिक रथयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जगन्नाथ स्वामी रथयात्रा समिति एवं प्यासी मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों ने रथयात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
प्यासी मंदिर ट्रस्ट समिति के सचिव आलोक पांडे ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी। रथयात्रा शाम 5 बजे श्री जगदीश स्वामी मंदिर, पुराना थाना से प्रारंभ होकर टॉकीज चौराहा, बकोली चौराहा, घंटाघर, उमा मिस्त्री की तलैया, महाकाली चौराहा एवं सिटी नाल मार्ग से होते हुए पुनः पुराना थाना स्थित भगवान की मौसी के मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान का विश्राम होगा।
2 जुलाई से 15 दिन तक रहेंगे भगवान विश्राम पर
मंदिर के पुजारी पंडित नर्मदा प्रसाद गर्ग ने बताया कि प्राचीन परंपरा के अनुसार 2 जुलाई से भगवान श्री जगन्नाथ 15 दिनों तक अस्वस्थ (अनसर काल) रहेंगे। इस दौरान उन्हें विश्राम कराया जाएगा और केवल हल्का भोजन जैसे मूंग की दाल, दलिया एवं खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा। साथ ही औषधि स्वरूप जड़ी-बूटियों का काढ़ा अर्पित किया जाएगा। इस अवधि में भगवान के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। 16 जुलाई को रथयात्रा के दिन भगवान नगर भ्रमण पर निकलकर भक्तों को दर्शन देंगे।
भक्त माधवदास की कथा से जुड़ी है परंपरा
पंडित नर्मदा प्रसाद गर्ग ने बताया कि भक्तमाल कथा के अनुसार भगवान के परम भक्त माधवदास भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी पहुंचे थे। उनकी भक्ति और कष्ट देखकर भगवान ने अपने भोग की थाली उन्हें अर्पित कर दी। बाद में मंदिर के पुजारियों द्वारा भक्त को दंडित किए जाने पर भगवान ने स्वयं अपने भक्त का कष्ट स्वीकार कर लिया और उसी दिन से उन्हें ज्वर आने की मान्यता है। तभी से भगवान के 15 दिनों तक अस्वस्थ रहने और विश्राम करने की परंपरा चली आ रही है।
बैठक में रथयात्रा समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भव्य रथयात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की। समिति ने बताया कि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।



More Stories
आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया नन्हीं विधि का जन्मदिन, बच्चों के साथ बांटी खुशियां..
दमोह में दर्दनाक सड़क हादसा: चिरई चोंच के पास बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक घायल..
उर्वरक विक्रेताओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चार लाइसेंस निलंबित..