आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया नन्हीं विधि का जन्मदिन, बच्चों के साथ बांटी खुशियां..

Spread the love

आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया नन्हीं विधि का जन्मदिन, बच्चों के साथ बांटी खुशियां..


उपहार और मिठाई वितरित कर मनाया जन्मोत्सव, समाजसेवा की पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया..


दमोह। जन्मदिन को केवल निजी उत्सव तक सीमित न रखते हुए उसे समाजसेवा से जोड़ने की एक प्रेरणादायी पहल दमोह में देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी के नगर उपाध्यक्ष वेद प्रकाश दुबे ने अपनी छोटी बेटी विधि दुबे का जन्मदिन सिविल वार्ड क्रमांक-4 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-8 में बच्चों के बीच मनाया।


इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन का केक काटा गया तथा सभी बच्चों को उपहार एवं मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निशा राय और सहायिका विमल सेन भी मौजूद रहीं। बच्चों ने विधि को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उसके साथ मिलकर खुशी के पल साझा किए। पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और उल्लास देखते ही बन रहा था।


वेद प्रकाश दुबे ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी वेदिका दुबे पिछले कई वर्षों से अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र, वृद्धाश्रम, मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ मनाने के साथ-साथ पौधारोपण कर सामाजिक संदेश देती रही हैं। उसी से प्रेरित होकर इस वर्ष छोटी बेटी विधि ने भी अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच मनाने का निर्णय लिया।


कार्यक्रम के अंत में विधि की माता अमृता दुबे ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों, कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित सभी लोगों का स्नेह और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाकर जन्मदिन मनाने से जो आत्मिक संतोष मिलता है, वह किसी बड़े आयोजन से कहीं अधिक है।


इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि जन्मदिन जैसे अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाए तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में भी खुशियां बांटी जा सकती हैं।

About The Author