ऑपरेशन क्लीन बेलाताल का 15वां दिन: 18 ट्रॉली कचरा निकला, अब अंतिम 5 दिनों का संकल्प..

Spread the love


ऑपरेशन क्लीन बेलाताल का 15वां दिन: 18 ट्रॉली कचरा निकला, अब अंतिम 5 दिनों का संकल्प

टीम उम्मीद की शहरवासियों से अपील—दर्शक नहीं, सहभागी बनें, बेलाताल को स्वच्छ रखने में दें एक घंटा श्रमदान..


दमोह। ऐतिहासिक बेलाताल को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 20 दिवसीय ऑपरेशन क्लीन बेलाताल स्वच्छता महाअभियान का रविवार को 15वां दिन पूरा हो गया। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत अब तक करीब 18 ट्रॉली प्लास्टिक, पूजा सामग्री, जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट तालाब से बाहर निकाले जा चुके हैं। अभियान के अब केवल पांच दिन शेष हैं और टीम उम्मीद पूरे उत्साह के साथ अपने लक्ष्य को पूरा करने में जुटी है।
अभियान के दौरान टीम ने चिंता जताई कि लगातार सफाई के बावजूद कुछ लोग घाटों और तालाब किनारे प्लास्टिक, पॉलीथिन तथा पूजा सामग्री छोड़कर चले जाते हैं। इससे प्रतिदिन उन्हीं स्थानों पर दोबारा सफाई करनी पड़ती है और अतिरिक्त समय लग रहा है।


स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने कहा कि 15 दिन पहले लिया गया संकल्प अब परिणाम देने लगा है, लेकिन स्थायी बदलाव तभी आएगा जब लोग भी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि आस्था की सामग्री और प्लास्टिक जलाशय में न फेंकें तथा बेलाताल को आने वाली पीढ़ियों की धरोहर मानकर उसकी स्वच्छता बनाए रखें।


टीम सदस्य धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि असली सफाई लोगों की सोच बदलने से होगी। राकेश राठौर ने कहा कि 18 ट्रॉली कचरा निकलना इस बात का प्रमाण है कि धरोहर के प्रति लापरवाही कितनी बढ़ गई थी। वहीं शिवम सोनी और उमेश सोनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।


अभियान में विशेष रूप से भारतीय सेना में सेवारत ग्राम ढिगसर निवासी मनीष पटेल भी अपनी छुट्टी के दौरान शामिल हुए। उन्होंने टीम के साथ श्रमदान करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ अपने शहर और उसकी धरोहर की रक्षा करना भी हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से केवल सोशल मीडिया पर स्वच्छता की बातें करने के बजाय स्वयं मैदान में उतरकर श्रमदान करने का आह्वान किया।


रविवार के अभियान में हरीश पटेल के साथ राकेश राठौर, धर्मेंद्र सोनी, अनीता रैकवार, शिवम सोनी, संतोष रैकवार, नीलेश सेन, दीपक दुबे, उमेश सोनी, मनीष पटेल और योग शिक्षक भरत दुबे सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।


टीम उम्मीद ने शहरवासियों से अपील की है कि अभियान के अंतिम पांच दिनों में अधिक से अधिक लोग श्रमदान कर बेलाताल को स्वच्छ बनाने में सहयोग दें और यह संकल्प लें कि न स्वयं गंदगी फैलाएंगे और न किसी अन्य को फैलाने देंगे।

About The Author