जिला अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन घोटाले पर कलेक्टर सख्त, बकाया राशि ब्याज सहित दिलाने के निर्देश..

Spread the love

जिला अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन घोटाले पर कलेक्टर सख्त, बकाया राशि ब्याज सहित दिलाने के निर्देश

आठ घंटे की ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश और न्यूनतम वेतन सुनिश्चित होगा, श्रम विभाग ने शुरू की कार्रवाई

दमोह। जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सुरक्षा गार्डों और सफाई कर्मचारियों की शिकायत पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने श्रम विभाग को कर्मचारियों के बयान दर्ज कर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कम दिए गए वेतन की पूरी बकाया राशि ब्याज सहित दिलाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों ने बताया कि उन्हें एजेंसी द्वारा 6 से 8 हजार रुपये तक का भुगतान किया जा रहा है, जबकि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन लगभग 12 हजार रुपये है। इस पर कलेक्टर ने मौके पर ही श्रम अधिकारी को बुलाकर प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर यादव ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों से प्रतिदिन केवल आठ घंटे ही कार्य लिया जाए। साथ ही भोजन अवकाश और सप्ताह में एक दिन का साप्ताहिक अवकाश भी अनिवार्य रूप से दिया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

जिला अस्पताल में वर्तमान में 34 सुरक्षा कर्मी, 102 सफाई कर्मी और 2 हेल्प डेस्क कर्मी सहित कुल 138 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम और श्रम विभाग की टीम ने कर्मचारियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी।

इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में स्टाफ नर्सों द्वारा विकसित उद्यान का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास अस्पताल का वातावरण बेहतर बनाते हैं। साथ ही चिकित्सकों और कर्मचारियों से सिविल सर्जन का सहयोग करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की।

कार्रवाई से उत्साहित कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि वर्षों से लंबित वेतन मिलेगा और भविष्य में निर्धारित मानदेय का पूरा लाभ भी प्राप्त होगा।

About The Author