दमोह के चैनपुरा वार्ड में पेयजल संकट, 40 से 50 फीसदी इलाके में नहीं पहुंच रहा पानी; पार्षद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
चार इंच की पाइपलाइन हटाकर आठ इंच की लाइन डालने की मांग, दो साल पहले टेंडर होने के बाद भी नाली निर्माण अधूरा होने से वार्डवासी परेशान
दमोह। नगर पालिका दमोह के बजरिया वार्ड क्रमांक 5, चैनपुरा में पेयजल संकट और नाली निर्माण में देरी को लेकर वार्डवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जलापूर्ति की समस्या से परेशान वार्ड पार्षद हेमराज भैया के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से वार्ड में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और लंबे समय से लंबित नाली निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई।
40 से 50 प्रतिशत क्षेत्र में पानी की समस्या
वार्ड पार्षद और स्थानीय लोगों के अनुसार, चैनपुरा वार्ड में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन आबादी के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। पाइपलाइन पतली होने और कनेक्शनों की संख्या अधिक होने के कारण पानी का दबाव नहीं बन पा रहा है। इसके चलते वार्ड के लगभग 40 से 50 प्रतिशत हिस्से में रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका के अधिकारियों और सीएमओ को पहले भी अवगत कराया जा चुका है। 24 जनवरी 2023 और 25 सितंबर 2024 को भी आवेदन दिए गए थे। उस समय पाइपलाइन बिछाने के लिए स्टीमेट तैयार होने और मतदान के बाद काम कराने का आश्वासन मिलने की बात कही गई, लेकिन वार्डवासियों के अनुसार अब तक नई पाइपलाइन नहीं डाली गई है।
चार इंच की जगह आठ इंच की पाइपलाइन की मांग
वार्डवासियों ने मांग की है कि वर्तमान में डाली गई चार इंच की पाइपलाइन को हटाकर आठ इंच की पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि पानी का पर्याप्त दबाव बन सके और पूरे वार्ड में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो। फिलहाल टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंकर से पानी भरने के दौरान भीड़ और आपसी विवाद की स्थिति बन जाती है, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
पार्षद और वार्डवासियों ने कलेक्टर से पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कराने और जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
पटेल चौराहे तक नाली नहीं, सड़क पर बह रहा घरों का पानी
ज्ञापन में संदीप चौरसिया की दुकानों से सड़क पार करते हुए पटेल चौराहे तक पक्की नाली का निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैलती है तथा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वार्डवासियों का कहना है कि नाली निर्माण के लिए लगभग दो साल पहले टेंडर जारी होकर खुल चुका है, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। धार्मिक क्षेत्र होने के साथ-साथ आसपास के मकानों में पानी भरने की समस्या भी सामने आती है। ऐसे में नाली निर्माण शीघ्र कराना जरूरी है।
अधिकारियों से कई बार शिकायत, अब कलेक्टर से उम्मीद
स्थानीय लोगों के अनुसार, पेयजल और जल निकासी की समस्याओं को लेकर नगर पालिका में पहले भी आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अब वार्ड पार्षद के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से हस्तक्षेप कर पेयजल पाइपलाइन का विस्तार कराने, नाली निर्माण शुरू कराने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है।
वार्डवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देगा, जिससे लोगों को पेयजल संकट और गंदे पानी की निकासी की समस्या से राहत मिल सकेगी।


More Stories
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर से नदारद रहे अधीक्षण अभियंता, कलेक्टर ने थमाया नोटिस..
फर्जी रजिस्ट्री और अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्ती, दो उप-पंजीयक निलंबित..
दमोह में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख्ती, स्कूल शिक्षा विभाग को ए-ग्रेड हासिल करने के निर्देश..खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में आरएफ टैग लगाने 28 अक्टूबर को शिविर..