दमोह में महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 7 किलो 273 ग्राम गांजा जब्त..

Spread the love

दमोह में महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 7 किलो 273 ग्राम गांजा जब्त

सरदार पटेल ब्रिज के नीचे सागरनाका पुलिस की कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये

आभाना निवासी 30 वर्षीय महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, गांजे के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध दमोह पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना दमोह देहात पुलिस ने सागरनाका चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक महिला को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 7 किलो 273 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (आईपीएस) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पाण्डेय के नेतृत्व में थाना दमोह देहात पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

घटना 29 अक्टूबर 2026 की है। सागरनाका पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक महिला अवैध मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने सरदार पटेल ब्रिज के नीचे, सतखड़िया सरकारी कुआं के सामने दमोह में संदेही महिला को पकड़ा। पूछताछ में महिला की पहचान ज्योति पति जिनेश जैन, उम्र 30 वर्ष, निवासी आभाना, थाना नोहटा, जिला दमोह के रूप में हुई।

तलाशी में मिला 7 किलो से अधिक गांजा

पुलिस द्वारा महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 किलो 273 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी महिला ज्योति जैन को गिरफ्तार कर थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 787/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले को विवेचना में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गांजे के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजे के स्रोत के संबंध में सघन विवेचना की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, उप निरीक्षक विक्रम दांगी, प्रधान आरक्षक 167 नीरज श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक 541 रामकुमार, प्रधान आरक्षक 803 सत्येंद्र, प्रधान आरक्षक 625 नरेंद्र पांडे, महिला प्रधान आरक्षक 722 स्वाति शुक्ला, आरक्षक 283 योगेंद्र एवं महिला सैनिक 218 गीता पटेल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

दमोह पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।

About The Author