:
फर्जी अंकसूचियों से नौकरी पाने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई: 24 मामलों में एफ.आई.आर, 10 को नौकरी से निकाला गया
4 नए मामलों में भी जांच शुरू
दमोह, 15 मई 2025
शासकीय सेवा में फर्जी अंकसूचियों के सहारे भर्ती हुए शिक्षकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। दमोह जिले में अब तक कुल 40 शिक्षकों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 24 मामलों में फर्जी दस्तावेजों की पुष्टि हो चुकी है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि इन 24 मामलों में संबंधित विश्वविद्यालयों से डिग्रियों को फर्जी पाए जाने की पुष्टि प्राप्त होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने पुलिस अधीक्षक को एफ.आई.आर दर्ज करने के लिए प्रतिवेदन भेज दिया है।
कलेक्टर कोचर ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह मामले आपराधिक श्रेणी में आते हैं, इसलिए पुलिस को भेजे गए हैं। इन मामलों में अब पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय जांच भी जारी
शेष 16 मामलों में विभागीय जांच प्रक्रिया जारी है। इनमें 11 प्रकरणों की जांच संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, सागर द्वारा की जा रही है, एक मामला राज्य स्तरीय (लोक शिक्षण संचालनालय) जांच के अधीन है और दो मामले जिला स्तर पर अंतिम चरण में हैं। एक मामला ऐसा है जिसमें शैक्षणिक डिग्री को लेकर विवाद नहीं है, लेकिन दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जांच चल रही है।
10 शिक्षकों को किया जा चुका है बर्खास्त
अब तक 10 शिक्षकों को दोषी पाए जाने पर सेवा से पृथक किया जा चुका है। वहीं 15 प्रकरण ऐसे हैं, जिनमें संबंधित विश्वविद्यालयों, माध्यमिक शिक्षा मंडल या कॉलेजों से प्रमाणिकता की पुष्टि अब तक लंबित है। कलेक्टर ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित संस्थानों को पत्र भेजे गए हैं, ताकि शीघ्र पुष्टि प्राप्त हो सके।
4 नए मामले भी आए सामने
कलेक्टर कोचर ने यह भी बताया कि हाल ही में 4 नए मामलों की शिकायत प्राप्त हुई है और उन पर भी जांच प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन इस तरह की अनियमितताओं के प्रति पूरी तरह से गंभीर है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



More Stories
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह कलेक्ट्रेट परिसर में मां जगत जननी दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा, देर रात तक चला भंडारा..
दमोह में टीम उम्मीद का 17वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न, हेलमेट जागरूकता को लेकर निकली तिरंगा बाइक रैली..