श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता व पौधारोपण,ग्राम करौंदी मानगढ़ में हैजा, दो दर्जन लोग प्रभावित,

Spread the love

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता व पौधारोपण

दमोह। जिला प्रशासन के निर्देशन में कलेक्टर कार्यालय परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी के बच्चों ने राधा, कृष्ण और सुदामा की वेशभूषा में भाग लिया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि जन्माष्टमी के पर्व पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बच्चों ने पौधे लगाए। तिरंगा उत्सव, वृक्षारोपण और कृष्ण जन्मोत्सव तीनों पर्व को एक साथ मनाना अनूठा प्रयास है। उन्होंने बताया कि लगभग 200 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण पूर्ण ब्रह्म थे, उनके जीवन से सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक सभी क्षेत्रों में शिक्षा मिलती है। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रतिनिधि, साहित्यकार नरेंद्र दुबे, नर्मदा सिंह एकता, डिप्टी कलेक्टर बृजेश सिंह, सामाजिक संगठनों के सदस्य, अधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

ग्राम करौंदी मानगढ़ में हैजा, दो दर्जन लोग प्रभावित

दमोह। जिले की जबेरा जनपद पंचायत अंतर्गत सगोड़ी पंचायत के ग्राम करौंदी मानगढ़ में दूषित पानी से हैजा फैल गया। बीती रात से अब तक दो दर्जन से अधिक लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। कुछ गंभीर मरीजों को जबलपुर रेफर किया गया।

सीबीएमओ डॉ. डी.के. राय ने बताया कि रेफर किए गए दो मरीजों में से एक स्वस्थ होकर लौट आया है जबकि एक का इलाज जबलपुर में जारी है। गांव में प्राथमिक इलाज लगातार चल रहा है। जांच में सामने आया कि जिस ट्यूबवेल से लोग पानी पी रहे थे, उसके पास ही सेप्टिक टैंक था। आशंका के चलते ट्यूबवेल का पानी तत्काल बंद करा दिया गया और सैंपल टेस्टिंग हेतु भेजा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे तहसीलदार सोनम पांडे, बीएमओ डॉ. राय और जनपद सीईओ रामेश्वर पटेल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है, स्वास्थ्य अमला सतत निगरानी बनाए हुए है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com