*कलेक्टर कोचर ने जनसुनवाई में 306 आवेदनों पर की सुनवाई, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई..
*दमोह।कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-10 (ब्यारमा) में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 306 आवेदनों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।जनसुनवाई के दौरान 294 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 17 आधार कार्ड संबंधी कार्य संपन्न हुए। कई आवेदकों ने सामूहिक रूप से भी अपनी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, लोक सेवा प्रबंधक चक्रेश पटैल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*दृष्टिबाधित छात्र को मिला लैपटॉप*
जनसुनवाई के दौरान एक निशक्त छात्र ने बताया कि उसने 2019 में निशक्तजन योजना के तहत लैपटॉप के लिए आवेदन किया था, लेकिन आज तक उसे लैपटॉप नहीं मिला। कलेक्टर कोचर ने तत्काल विभाग से जानकारी ली, पर विभाग के पास आवेदन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। छात्र की 75% से अधिक दृष्टिबाधित स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जन सहयोग से तुरंत लैपटॉप उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आज ही छात्र को लैपटॉप प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए जनता की दान राशि का उपयोग किया जाएगा।
*महिला का नाम जोड़ा गया, दोषियों पर होगी कार्रवाई*
एक महिला को गलत तरीके से मृत घोषित किए जाने का मामला भी जनसुनवाई में सामने आया। कलेक्टर कोचर ने जब महिला के दस्तावेज देखे तो तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच में यह बात सामने आई कि महिला को गलत तरीके से मृत घोषित किया गया था। कलेक्टर ने आदेश दिया कि महिला का नाम आज ही जोड़ दिया जाए, ताकि उसे शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
दिव्यांगों को बड़ी राहत, मदिरा दुकानों पर कड़ी कार्रवाई; कलेक्टर यादव के दो अहम फैसले..
दमोह में बड़ा खुलासा: बिना एक्सप्लोसिव लाइसेंस चल रहे थे 33 पेट्रोल पंप, 4 सील..
दमोह को ड्रग फ्री बनाने की मुहिम तेज, 15 जुलाई से शुरू होगा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान..