कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोल्ड मेडल से सम्मानित
दमोह : 20 अगस्त 2025
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आज “संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दमोह के कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री कोचर ने जानकारी देते हुए बताया कि नीति आयोग, भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के मार्गदर्शन में जुलाई से सितंबर 2024 तक चलाए गए संपूर्णता अभियान के तहत दमोह जिले ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास विभागों से जुड़े 06 इंडिकेटर्स में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए। इसके परिणामस्वरूप दमोह जिले को आकांक्षी जिला और तेंदूखेड़ा विकासखंड को आकांक्षी विकासखंड योजना अंतर्गत दो गोल्ड मेडल प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, सुपरवाइजर, पंचायत सचिव, ग्राम सेवक, शिक्षकगण और विभागीय अधिकारियों को दिया। कलेक्टर कोचर ने कहा कि यह सम्मान दमोह की जनता, जनप्रतिनिधियों, मीडिया, सामाजिक संगठनों और विकास सहयोगियों को समर्पित है।
कलेक्टर ने कहा—
“यह सम्मान उल्लास से अधिक उत्तरदायित्व की याद दिलाता है। आने वाले दिनों में दमोह जिला टीम और अधिक बेहतर कार्य कर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।”
ज्ञात हो कि नीति आयोग के विशेष अभियान में तय किए गए सभी पैरामीटरों पर दमोह जिला और तेंदूखेड़ा विकासखंड ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।


More Stories
दिव्यांगों को बड़ी राहत, मदिरा दुकानों पर कड़ी कार्रवाई; कलेक्टर यादव के दो अहम फैसले..
दमोह में बड़ा खुलासा: बिना एक्सप्लोसिव लाइसेंस चल रहे थे 33 पेट्रोल पंप, 4 सील..
दतिया उपचुनाव में भाजपा का बड़ा फैसला, आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार; नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा..