चाचा की राह पर भतीजा: 18वें जन्मदिन पर रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल बने श्रेष्ठ जैन..
दमोह।
समाजसेवा और मानवीय मूल्यों की एक प्रेरक मिसाल दमोह में देखने को मिली, जब श्रेष्ठ जैन ने अपने 18वें जन्मदिन को आत्मिक खुशी और सेवा भाव के साथ मनाते हुए रक्तदान किया। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुँचकर श्रेष्ठ जैन ने रक्तदान कर अपने वयस्क जीवन की शुरुआत समाजसेवा के संकल्प के साथ की।
श्रेष्ठ जैन, पिता श्रवण जैन, ने बताया कि उन्हें रक्तदान की प्रेरणा अपने चाचा दीपक जैन से मिली, जो नियमित रूप से प्रत्येक तीन माह में रक्तदान करते हैं। चाचा को वर्षों से रक्तदान करते देखकर उनके मन में यह संकल्प बना कि जैसे ही वे 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे, सबसे पहला कार्य रक्तदान का करेंगे।

रक्तदान के पश्चात श्रेष्ठ जैन ने कहा,
“आज रक्तदान करके मुझे बेहद अच्छा महसूस हो रहा है। जिस तरह 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर देश के लिए मतदान आवश्यक हो जाता है, उसी तरह समाज के लिए रक्तदान भी उतना ही जरूरी है। रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बच सकती है। जब भी अवसर मिले, सभी युवाओं को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।”
श्रेष्ठ ने यह भी कहा कि यह उनका पहला रक्तदान है, लेकिन अंतिम नहीं। वे आगे भी समय-समय पर नियमित रूप से रक्तदान करते रहेंगे और जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बनेंगे।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं..

श्रेष्ठ जैन के जन्मदिन और रक्तदान के इस सराहनीय कार्य पर दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि युवाओं द्वारा इस तरह के कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और अन्य युवाओं को भी मानवता की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
परिजनों और मित्रों की रही उपस्थिति..

इस अवसर पर विपुल जैन, शुभम जैन, सिद्धांत जैन, दीपक जैन (ए+) सहित परिवारजनों और मित्रों की उपस्थिति रही। ब्लड बैंक की ओर से प्रीति गुप्ता मैडम एवं संजय प्यासी की मौजूदगी में रक्तदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
युवाओं के लिए प्रेरणा..

श्रेष्ठ जैन द्वारा जन्मदिन को सेवा कार्य से जोड़ना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। उनका यह कदम न केवल युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि खुशियों को बांटने का सबसे सुंदर तरीका किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में योगदान देना है।
श्रेष्ठ जैन का यह प्रयास निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा।



More Stories
कार–बाइक की भीषण टक्कर में युवक की दर्दनाक मौत, पुलिस जांच में जुटी..
दमोह में कसाई मंडी पर बवाल: गौसेवकों पर हुआ हमला, घंटाघर पर जाम – पुलिस ने 9 आरोपियों पर दर्ज की एफआईआर..
चैनपुरा कांड: 6 घंटे की मशक्कत के बाद मिली मासूम, परिजनों ने ली राहत की सांस..