फर्जी दस्तावेजों से छवि खराब करने की साजिश : मानक पटेल..

Spread the love

फर्जी दस्तावेजों से छवि खराब करने की साजिश : मानक पटेल

दमोह। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए हड़पने के लगाए गए आरोपों के बाद सोमवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले को राजनीतिक षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

पूर्व भाजपा सांसद डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया के प्रतिनिधि रहे राजकुमार दुबे और उनकी पत्नी साधना दुबे द्वारा भोपाल एम्स से जारी वीडियो में मानक पटेल पर व्यापार और राजनीतिक जानकारी के नाम पर रकम लेने के आरोप लगाए गए हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मानक पटेल ने कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से प्रस्तुत दस्तावेज संदिग्ध और तथ्यहीन हैं।

उन्होंने बताया कि कथित अनुबंध पत्र डीके बिल्डर के लेटर हेड पर वर्ष 2025 में तैयार किया गया है, जबकि उसमें वर्ष 2014 के लेनदेन का उल्लेख है। साथ ही दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं हैं। पटेल ने कहा कि यह साफ तौर पर झूठे आरोपों के आधार पर भ्रम फैलाने का प्रयास है।

जेसीबी मशीन के किराए को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड की प्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत कीं। उनके अनुसार संबंधित जेसीबी वर्ष 2016 में उनके पास आई थी, जबकि शिकायतकर्ता वर्ष 2014 से किराया बकाया बताकर दावा कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतनी बड़ी राशि बकाया थी तो वर्षों तक कोई कानूनी शिकायत क्यों नहीं की गई।

मानक पटेल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से यह भी जांच कराने की बात कही कि शिकायतकर्ता के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई।

उन्होंने कहा कि राजकुमार दुबे से उनकी पहचान केवल पड़ोसी और पूर्व सांसद प्रतिनिधि के रूप में थी तथा उनके बीच किसी प्रकार का व्यावसायिक लेनदेन नहीं हुआ।

About The Author