दमोह में जलसंकट गहराया: आम चौपरा क्षेत्र की 20 हजार आबादी पानी के लिए परेशान, शोपीस बनी टंकी..
दमोह। भीषण गर्मी के बीच दमोह शहर से लगे आम चौपरा, जबलपुर नाका, हिरदेपुर, चापराखुर्द, सुरेखा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में गंभीर जलसंकट खड़ा हो गया है। करीब 20 हजार की शहरी आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। लोगों को पेयजल के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है, जबकि कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है।
हालात यह हैं कि लोगों को 400 से 500 रुपए खर्च कर पानी का एक टैंकर खरीदना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने सबसे ज्यादा परेशानी खड़ी हो गई है। कई परिवार पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। क्षेत्र में लगे कई हैंडपंप महीनों से बंद पड़े हैं, जबकि कई हैंडपंप सिर्फ हवा उगल रहे हैं। भूजल स्तर गिरने से कुएं और बोरवेल भी जवाब दे चुके हैं।
आम चौपरा स्थित परशुराम टेकरी पर बनी पानी की टंकी शोपीस साबित हो रही है। बताया जा रहा है कि पिछले 10 दिनों से टंकी में पानी नहीं पहुंचा, जिससे वार्डों में पेयजल सप्लाई पूरी तरह बाधित है। भगवान परशुराम टेकरी मंदिर के पुजारी पंडित कृष्ण कुमार गर्ग ने बताया कि क्षेत्र के लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं।
चापराखुर्द निवासी परषोत्तम चौबे, दीपक जैन, हेमेंद्र सेन और निरंजन तिवारी ने बताया कि पूरा क्षेत्र पिछले 10 दिनों से जलसंकट झेल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं सुरेखा कॉलोनी और अभिनव होम्स के रहवासियों का कहना है कि कभी पानी आता भी है तो लो प्रेशर के कारण अंतिम सिरे के घरों तक नहीं पहुंच पाता।
जल निगम के इंजीनियर आर.के. राज ने बताया कि मारुताल फीडर में बिजली कटौती के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। साथ ही कुछ ग्रामीणों द्वारा ईंट भट्ठों के निर्माण और खेतों में उपयोग के लिए पाइपलाइन से पानी चोरी तथा वाल्व चोरी किए जाने से भी टंकी तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि चिन्हित स्थानों पर निगरानी की जा रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है।



More Stories
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
वृद्धजनों की सेवा हमारा सौभाग्य: कलेक्टर यादव, ई-केवाईसी रहेगी पूरी तरह निःशुल्क..तीन दिन में दूर हों जल आपूर्ति की सभी समस्याएं, हर घर तक पहुंचे पानी: कलेक्टर यादव..
भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, नाराज नागरिक पहुंचे विद्युत मंडल कार्यालय..