कलेक्टर यादव का ताबड़तोड़ निरीक्षण, स्वास्थ्य केंद्र से गौशालाओं तक कार्रवाई..

Spread the love

कलेक्टर यादव का ताबड़तोड़ निरीक्षण, स्वास्थ्य केंद्र से गौशालाओं तक कार्रवाई..
लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन काटा, पशु औषधालय प्रभारी निलंबित, गेहूं खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाएं भी जांचीं..


दमोह। प्रताप नारायण यादव ने रविवार को जिले में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं, गौशालाओं और समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां लापरवाही सामने आई वहां तत्काल सख्त कार्रवाई की गई, वहीं बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना भी की गई।
कलेक्टर यादव जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमलियाघाट पहुंचे तो वहां कोई भी डॉक्टर या स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। अस्पताल में मरीज इलाज के इंतजार में बैठे थे और एक महिला डिलीवरी के लिए पहुंची थी। स्थिति देखकर कलेक्टर ने तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को वीडियो कॉल कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण में बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर बंधपत्र चिकित्सक डॉ. मुफादल सैफी, संविदा फार्मासिस्ट इमरान खान, एएनएम राजेशकुमारी विश्वकर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर विनय शर्मा और एमटीएस कर्मचारी वीरेन्द्र रैकवार का तीन दिवस का वेतन तत्काल प्रभाव से काट दिया गया।
कलेक्टर यादव ने स्पष्ट कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गौशालाओं का निरीक्षण, अच्छी व्यवस्थाओं की सराहना
कलेक्टर यादव ने इमलियाघाट, चौरई और बालाकोट गौशालाओं का भी निरीक्षण किया। इमलियाघाट और चौरई गौशालाओं में छाया, पानी, चारे और गौमाताओं की देखभाल की बेहतर व्यवस्था मिलने पर उन्होंने संचालकों की सराहना की।
बालाकोट गौशाला में पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं बालाकोट पशु औषधालय निरीक्षण के दौरान बंद मिला और संस्था प्रभारी रमेश कुमार कोरी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
कलेक्टर यादव ने कहा कि गौसेवा हम सभी का कर्तव्य है और शासन द्वारा दी जा रही राशि का उपयोग गौमाताओं को बेहतर छाया, पानी, भोजन और उपचार उपलब्ध कराने में होना चाहिए।
गेहूं खरीदी केंद्रों का भी लिया जायजा
आकस्मिक भ्रमण के दौरान कलेक्टर यादव ने जोरतला खुर्द, बजरंगगढ़ और बांदकपुर समर्थन मूल्य गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर तौल, बारदाना और खरीदी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसानों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
बांदकपुर केंद्र में बोरी की पुनः तुलाई कराई गई, जो निर्धारित मापदंड के अनुरूप पाई गई। किसानों ने बताया कि बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
कलेक्टर यादव ने कहा कि यदि किसी किसान को खरीदी संबंधी कोई समस्या आती है तो वह कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकता है, जिला प्रशासन द्वारा उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

About The Author