बांदकपुर पहुंचे कलेक्टर यादव, निरीक्षण में मिली भारी अनियमितताएं..किसानों और वृद्धजनों की परेशानी पर सख्त हुए कलेक्टर यादव..बांदकपुर की उचित मूल्य दुकान में बड़ा गड़बड़झाला उजागर..

Spread the love

बांदकपुर पहुंचे कलेक्टर यादव, निरीक्षण में मिली भारी अनियमितताएं..
7 अधिकारी-कर्मचारियों को जारी हुए कारण बताओ नोटिस..


दमोह जिले के प्रताप नारायण यादव ने मंगलवार को बांदकपुर क्षेत्र का आकस्मिक भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष औषधालय एवं उचित मूल्य दुकान में कई अनियमितताएं सामने आने पर 7 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।


निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति बांदकपुर की उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न स्टॉक में गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पल्लवी जैन को नोटिस जारी किया गया। वहीं दो आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं तथा बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन और नाश्ता वितरित नहीं किया जा रहा था।


महिला एवं बाल विकास विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल जैन, परियोजना अधिकारी कैलाश राय, पर्यवेक्षक मालती कुर्मी तथा कल्पना अहिरवार को भी लापरवाही एवं निगरानी में कमी के आरोप में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।


इसके अलावा आयुष औषधालय बांदकपुर में एक्सपायरी दवाइयों के वितरण तथा नियमित निरीक्षण नहीं होने के आरोप में जिला आयुष अधिकारी राजकुमार पटैल को नोटिस दिया गया। वहीं शासकीय आयुर्वेद औषधालय की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रितु कुरेरिया बिना अनुमति अनुपस्थित पाई गईं, जिस पर उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।


कलेक्टर यादव ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तीन दिवस के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

किसानों और वृद्धजनों की परेशानी पर सख्त हुए कलेक्टर यादव..


बैंकर्स और कियोस्क संचालकों को दी चेतावनी, अवैध वसूली पर होगी कार्रवाई..


दमोह जिले के प्रताप नारायण यादव ने किसानों और वृद्धजनों को बैंकिंग सेवाओं में हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बैंकर्स, बीसी और कियोस्क संचालकों की अहम बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों एवं आम नागरिकों को समय पर नकद राशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।


कलेक्टर यादव ने कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान यह शिकायतें सामने आईं कि खातों में राशि होने के बावजूद किसानों को समय पर नकद भुगतान नहीं मिल पा रहा है, जिससे शादी-विवाह, इलाज और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि यदि नकदी उपलब्धता में कोई समस्या है तो तत्काल भारतीय रिजर्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।


बैठक में वृद्धजनों से अवैध रूप से पैसे मांगने और पेंशन राशि में कटौती जैसी शिकायतों पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वृद्धजन माता-पिता समान हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की आर्थिक अपेक्षा या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


बैंकर्स और कियोस्क संचालकों को दिलाई शपथ..


बैठक में सभी बैंकर्स और कियोस्क संचालकों को शपथ दिलाई गई कि वे किसी भी किसान या वृद्धजन से अतिरिक्त राशि की मांग नहीं करेंगे तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही कार्य करेंगे।


सोलर योजनाओं और सीएम हेल्पलाइन मामलों पर भी दिए निर्देश..


कलेक्टर यादव ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोलर योजनाओं से जुड़े प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित या अस्वीकृत न किया जाए। केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुसार ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए।


इसके साथ ही रोजगारमूलक और हितग्राही योजनाओं में प्रगति लाने तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बांदकपुर की उचित मूल्य दुकान में बड़ा गड़बड़झाला उजागर..


रिकॉर्ड में राशन स्टॉक ‘शून्य’, मौके पर मिलीं 37 बोरी, कार्रवाई शुरू..


दमोह जिले के प्रताप नारायण यादव ने बांदकपुर भ्रमण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया, जहां बड़ा अनियमितता मामला सामने आया। पोर्टल और रिकॉर्ड में राशन स्टॉक “निल” दर्शाया गया था, जबकि मौके पर 37 बोरी राशन मौजूद मिला।


कलेक्टर ने इस गड़बड़ी को गंभीर मानते हुए राशन को तत्काल जब्त करने के निर्देश दिए तथा संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई प्रारंभ कराई।


आयुर्वेदिक औषधालय में मिली एक्सपायरी दवाइयां..


निरीक्षण के दौरान बांदकपुर आयुर्वेदिक औषधालय में डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित चिकित्सक का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2022 से 2026 के बीच एक्सपायर हो चुकी कई दवाइयां टेबल और शेल्फ पर रखी थीं तथा वितरण में उपयोग की जा रही थीं।


कलेक्टर यादव ने तत्काल एक्सपायरी दवाइयों को अलग कराने के निर्देश दिए और पूरे जिले में ऐसी दवाओं की जांच सुनिश्चित करने के लिए समिति गठित करने के आदेश जारी किए। पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर जिला आयुष अधिकारी को भी नोटिस जारी किया गया।


एलोपैथिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था मिली संतोषजनक..


कलेक्टर यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आनू एवं बांदकपुर के एलोपैथिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। दोनों केंद्रों में डॉक्टर उपस्थित मिले और मरीजों का उपचार नियमित रूप से जारी था। वहां किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।

About The Author