गौवंश वध व तस्करी पर रोक की मांग, हिंदू संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
बकरीद से पहले सख्त कार्रवाई की मांग, रीवा घटना की निष्पक्ष जांच की उठाई आवाज..
दमोह। गौवंश वध, गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा रीवा में जैन साध्वियों से जुड़ी घटना की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को हिंदू संगठनों, बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने दमोह कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए बकरीद के पूर्व प्रदेशभर में गौवंश वध पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने, गौ तस्करी एवं गौ हत्या में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही रीवा में जैन साध्वियों से संबंधित घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
बकरीद के दौरान विशेष निगरानी की मांग..
जिला संयोजक गोलू चौबे ने बताया कि बकरीद के अवसर पर गौवंश की अवैध हत्या और तस्करी की आशंकाओं को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नारेबाजी कर प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग..
ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय खत्री, नरेंद्र जैन, शम्भू विश्वकर्मा , गोलू चौबे, सत्यम चौरसिया सहित बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गौ तस्करी और गौ हत्या के मामलों पर जताई चिंता
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले में गौसेवकों और विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार गौ तस्करी एवं गौ हत्या के मामलों को उजागर किए जाने के बावजूद ऐसी घटनाएं पूरी तरह नहीं रुक पा रही हैं। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए तथा कानून का सख्ती से पालन कराया जाए।


More Stories
दिव्यांगों को बड़ी राहत, मदिरा दुकानों पर कड़ी कार्रवाई; कलेक्टर यादव के दो अहम फैसले..
दमोह में बड़ा खुलासा: बिना एक्सप्लोसिव लाइसेंस चल रहे थे 33 पेट्रोल पंप, 4 सील..
दमोह को ड्रग फ्री बनाने की मुहिम तेज, 15 जुलाई से शुरू होगा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान..