भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, नाराज नागरिक पहुंचे विद्युत मंडल कार्यालय..

Spread the love

भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, नाराज नागरिक पहुंचे विद्युत मंडल कार्यालय..


रात में घंटों बिजली गुल रहने से बढ़ा आक्रोश, अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने के आरोप..


दमोह। भीषण गर्मी और नौतपा के दौर में दमोह शहर लगातार बिजली संकट से जूझ रहा है। अघोषित बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन के साथ-साथ रात में भी घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायत लेकर किल्लाई नाका स्थित विद्युत मंडल कार्यालय पहुंच गए, जहां उन्हें कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला।


शहरवासियों का आरोप है कि बिजली गुल होने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन तक रिसीव नहीं किए गए। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।


45 डिग्री तापमान के बीच बढ़ी परेशानी..


पिछले एक सप्ताह से दमोह में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। नौतपा के पहले ही दिन भी तेज गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। ऐसे हालात में बार-बार बिजली कटने से लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिदिन रात के समय कई-कई घंटे बिजली कटौती की जा रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि विभाग द्वारा न तो बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना दी जाती है और न ही शिकायतों का संतोषजनक समाधान किया जाता है।


विद्युत मंडल कार्यालय में नहीं मिले जिम्मेदार अधिकारी..


बिजली संकट से परेशान नागरिक जब किल्लाई नाका स्थित विद्युत मंडल कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। इससे लोगों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी और बढ़ गई। नागरिकों ने आरोप लगाया कि आपात स्थिति में भी विभाग का कोई जिम्मेदार व्यक्ति उपलब्ध नहीं रहता, जिससे समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावित होता है।


व्यापारियों और आमजन की दिनचर्या प्रभावित..


नगर पालिका उपाध्यक्ष ने भी बिजली कटौती पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में लोगों को दिनभर काम करने के बाद रात में ही आराम और विश्राम का अवसर मिलता है। ऐसे समय बिजली गुल होने से आमजन के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान है। उन्होंने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति सबसे अधिक खराब हो रही है।
डेढ़ माह से जारी है बिजली कटौती : रहवासी..


टंडन बगीचा निवासी तिवारी जी ने बताया कि पिछले लगभग डेढ़ महीने से क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार दिन में 7 से 8 घंटे तक बिजली बंद रहती है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोग परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो रहवासियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।


वहीं नेवी नगर कॉलोनी निवासी जैन साहब ने बताया कि रात में करीब तीन घंटे तक बिजली बंद रही। शिकायत करने के लिए जब लोग विद्युत कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि अधिकारी फोन नहीं उठा रहे थे और कार्यालय में भी कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं मिला।


कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग..


बिजली संकट से जूझ रहे शहरवासियों ने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान लगातार बिजली कटौती लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर गंभीर असर डाल रही है। उन्होंने प्रशासन से बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराते हुए नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनआक्रोश और बढ़ सकता है। फिलहाल दमोह में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट आम लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरा है।

About The Author