सकारात्मक सोच और इच्छाशक्ति से बदल रही कार्य संस्कृति : कलेक्टर प्रताप नारायण यादव
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश, 1600 में से 1435 पेंशन प्रकरणों का हुआ समाधान
पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा, लर्निंग लाइसेंस शिविर और नालों की सफाई पर हुई समीक्षा
दमोह। कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की कोई भी शिकायत अनअटेंडेड न रहे और सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर , जिला पंचायत सीईओ , सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर यादव ने कहा कि छोटी-छोटी सकारात्मक पहलें बड़े बदलाव की नींव बनती हैं। उन्होंने वर्षा और महासागर का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटी बूंदों का इंतजार पूरी दुनिया करती है, इसलिए हर अधिकारी को अपने स्तर पर सकारात्मक सोच और बेहतर कार्यशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में सहयोगात्मक वातावरण बनने से प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
बैठक में उन्होंने बताया कि पिछले नौ माह से लंबित 1600 पेंशन प्रकरणों में से 1435 का सफल निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने इसे प्रशासनिक इच्छाशक्ति, टीमवर्क और आपसी विश्वास का परिणाम बताया।
पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा की दी जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बैठक में पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना, औद्योगिक हादसे या प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में गंभीर घायलों को त्वरित उपचार के लिए निशुल्क एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्डधारकों को राज्य के भीतर एवं राज्य के बाहर स्थित सरकारी तथा आयुष्मान सूचीबद्ध अस्पतालों तक निशुल्क हवाई परिवहन सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं गैर-आयुष्मान हितग्राहियों के लिए भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सुविधा उपलब्ध रहेगी।
महाविद्यालयों में लगेंगे लर्निंग लाइसेंस शिविर
कलेक्टर ने जिले के सभी महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुल-पुलियों पर लगेंगे संकेतक, नालों की सफाई पर जोर
बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को सभी पुल-पुलियों पर आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। वहीं सुभाष कॉलोनी के नाले की सफाई की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वर्षा ऋतु से पहले संपूर्ण नाले की प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।



More Stories
तेंदूखेड़ा में ऑटो मोबाइल दुकान में भीषण आग, 10 से 12 लाख का नुकसान..
संदिग्ध मौत पर बवाल: युवक का शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, हत्या का मामला दर्ज..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..