कलेक्टर के औचक निरीक्षण में बड़ी कार्रवाई: शिक्षक निलंबित, 9 स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन काटने के निर्देश
दमोह। जिले में शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध कार्यों की निगरानी के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को लक्ष्मणकुटी, महंतपुर और सद्गुवां क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग में कई अनियमितताएं सामने आने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर सुबह करीब 10:35 बजे सद्गुवां प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, जहां पदस्थ चिकित्सक सहित 9 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का तीन-तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
इसके बाद कलेक्टर ने पीएम श्री शासकीय एकीकृत हाई स्कूल लक्ष्मणकुटी का निरीक्षण किया। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को टाइम-टेबल की जानकारी नहीं होने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को टाइम-टेबल प्रदर्शित करने और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक शाला लक्ष्मणकुटी में निरीक्षण के दौरान केवल चार विद्यार्थी उपस्थित मिले। कलेक्टर ने बच्चों की कॉपियां जांचीं तो पाया कि दो दिन पूर्व दिया गया गृहकार्य भी जांचा नहीं गया था। इस पर उन्होंने शिक्षकों को प्रतिदिन कॉपी जांचने और अध्यापन व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए तथा कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला महंतपुर में पदस्थ शिक्षक प्रदीप बिल्थरे अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानाध्यापक संजीव ठाकुर उपस्थित मिले।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र महंतपुर का भी निरीक्षण किया। यहां सहायिका मालती अहिरवार उपस्थित थीं, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कविता राज अनुपस्थित मिलीं। केंद्र पर एक भी बच्चा मौजूद नहीं था। इस पर कलेक्टर ने संबंधित कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, परियोजना अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर यादव ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।



More Stories
दमोह हाईवे पर मौत का तांडव: बस-कार की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक जबलपुर रेफर..
हेडलबर्ग सीमेंट फैक्ट्री के औचक निरीक्षण में मिलीं श्रमिकों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं, कार्रवाई के निर्देश..
पात्र वृद्धजनों के लिए चला ‘सेवा और आशीर्वाद अभियान’,