जंगल में भैंस लेने गए युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, गोली चलाने का भी आरोप..
पुरानी चुनावी रंजिश में 10-15 लोगों द्वारा हमला करने का आरोप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की..
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत अरोरा-जमुनिया गांव में सोमवार शाम पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जंगल में भैंस लेने गए 32 वर्षीय गोलू यादव पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का आरोप है। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद घायल के परिजनों ने गोली चलाने और गोली लगने का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस और चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है।
जंगल में घेरकर हमला करने का आरोप..
घायल गोलू यादव के भाई निलेश यादव ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम उसका भाई जंगल से भैंस लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान लकी यादव ने करीब 10 से 15 लोगों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और पीछे से सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। निलेश का आरोप है कि हमले के बाद आरोपियों ने बंदूक से फायर भी किया और एक गोली उसके भाई के घुटने में लगी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि गोलू पर यह हमला हत्या के इरादे से किया गया था। घायल के भाई ने मामले में लकी यादव को मुख्य आरोपी बताते हुए हाकम यादव का भी नाम लिया है। उसका आरोप है कि हाकम यादव गांव का पूर्व सरपंच है और लंबे समय से परिवार के साथ विवाद एवं रंजिश चली आ रही है।
20 साल पुरानी चुनावी रंजिश का आरोप..
परिजनों के मुताबिक करीब 20 वर्ष पहले उनके परिवार के एक सदस्य ने सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में हाकम यादव के जीतने के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। परिजनों का दावा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते गोलू को निशाना बनाया गया।
घायल के भाई ने आरोपियों पर गांव में दबदबा बनाए रखने और अवैध शराब के कारोबार में शामिल होने के आरोप भी लगाए हैं। साथ ही पुलिस पर शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
परिजन बोले- गोली लगी, पुलिस ने कहा हवाई फायर की बात सामने आई..
घटना के बाद घायल के परिजनों ने गोली लगने की बात कही। घायल की मां ने भी अस्पताल में पुलिस के सामने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि पुलिस की कथित मिलीभगत के कारण ही आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
हालांकि पुलिस का कहना है कि पीड़ित द्वारा फायरिंग की बात बताई गई है, लेकिन अभी तक गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
चार आरोपियों के नाम सामने आए, तलाश में जुटी पुलिस..
घटना की जानकारी मिलने के बाद देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि वन विभाग की नर्सरी में गोलू यादव के साथ लकी यादव, विनय यादव, विक्रम यादव और हाकम यादव द्वारा कुल्हाड़ी से हमला कर मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित ने हवाई फायर किए जाने की बात कही है, लेकिन फिलहाल गोली लगने जैसा कोई स्पष्ट मामला सामने नहीं आया है। पुलिस घटना स्थल और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
डॉक्टर बोले- हालत गंभीर, गोली लगने की पुष्टि नहीं..
जिला अस्पताल में घायल का उपचार कर रहे डॉक्टर पीयूष निमाड़ी ने बताया कि अरोरा-जमुनिया क्षेत्र से एक युवक घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उसकी स्थिति गंभीर है और शरीर पर चोटें हैं। परिजनों द्वारा गोली लगने की बात बताई गई है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घायल के शरीर पर जहां-जहां चोटें हैं, उनकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्य आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज होने का दावा..
परिजनों ने यह भी दावा किया है कि घटना के मुख्य आरोपी लकी यादव के खिलाफ पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं तथा वह हाल ही में एक हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आया है। इन पुराने आपराधिक मामलों और वर्तमान घटना में उसकी भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश, हमले में शामिल लोगों की संख्या, फायरिंग हुई या नहीं तथा गोली लगने के आरोप की वास्तविकता सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


More Stories
कपिल जनरल स्टोर के पास दो युवकों पर चाकू से हमला, एक जबलपुर रेफर..
समरसता का संदेश लेकर दमोह पहुंची संत रविदास महाराज की कलश यात्रा, भाजपा नेताओं ने किया भव्य स्वागत..
जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार..