एम्बुलेंस सेवा में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, कंपनी पर 2.35 लाख का जुर्माना..

Spread the love

एम्बुलेंस सेवा में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, कंपनी पर 2.35 लाख का जुर्माना..


दमोह। जबेरा विकासखंड के ग्राम रोंड में एक गर्भवती महिला को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं कराए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के प्रस्ताव पर शासन ने संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी जे.ए.ई.एस. प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर 2 लाख 35 हजार 931 रुपये का अर्थदंड लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला द्वारा एम्बुलेंस के लिए फोन किए जाने के बावजूद समय पर वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने शासन को कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था। जांच के बाद कंपनी की लापरवाही सामने आने पर यह दंड लगाया गया।


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि गर्भवती माताओं एवं महिलाओं को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एम्बुलेंस संचालकों और प्रोजेक्ट हेड को निर्देश दिए हैं कि सूचना मिलते ही तत्काल एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार मिल सके।

दमोह में राशन दुकानों पर बड़ी कार्रवाई, 782 क्विंटल खाद्यान्न की हेराफेरी उजागर..


दमोह। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर जिले में राशन दुकानों की व्यापक जांच कराई गई। अब तक प्राप्त 55 जांच रिपोर्टों में से 25 उचित मूल्य दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में 782 क्विंटल खाद्यान्न की हेराफेरी उजागर हुई है।


कलेक्टर के निर्देश पर 125 जांच दल गठित किए गए, जिनमें 120 टीमों ने एक साथ जिले की 120 राशन दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों पर हितग्राहियों से अंगूठा लगवाकर निर्धारित मात्रा से कम राशन देने, दो माह का अंगूठा लगवाकर केवल एक माह का राशन वितरित करने तथा वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें सही पाई गईं।


प्रारंभिक जांच में कुछ दुकानों पर 172 क्विंटल तक खाद्यान्न कम या अधिक पाया गया। प्रशासन ने संबंधित संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पूरा राशन पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में राशन दुकानों का एक साथ निरीक्षण कराया गया है। शेष शिकायतग्रस्त दुकानों की भी जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    About The Author