अजब धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति में सराबोर हुआ तीर्थ स्थल..

Spread the love

अजब धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति में सराबोर हुआ तीर्थ स्थल..


दमोह। गुरु पूर्णिमा महापर्व के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल अजब धाम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया गया। पूज्य छोटे सरकार के कुशल निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव में दमोह, हटा, बटियागढ़, सागर सहित आसपास के अनेक जिलों और गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे दिन अजब धाम जयकारों, भजन-कीर्तन और गुरु वंदना से गुंजायमान रहा।


महोत्सव का शुभारंभ सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। पूज्य छोटे सरकार ने विधि-विधान से चरण पादुका पूजन एवं आरती संपन्न कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने क्रमबद्ध तरीके से ब्रह्मलीन संत जै जै सरकार का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में फूलों से सुसज्जित जै जै सरकार की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे पुष्पों और मनमोहक सजावट से सजी झांकी को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।


श्रद्धालुओं का कहना था कि भारतीय संस्कृति में गुरु को भगवान से भी ऊंचा स्थान दिया गया है। शास्त्रों में गुरु को वह दिव्य माध्यम बताया गया है, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था और समर्पण व्यक्त किया।


छोटे सरकार के दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें..


गुरु पूर्णिमा महोत्सव में एक ओर जहां श्रद्धालु ब्रह्मलीन जै जै सरकार के दर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर पूज्य छोटे सरकार के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भी हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए अनुशासित ढंग से आगे बढ़ते रहे और छोटे सरकार का पूजन कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया।


भीड़ की अधिकता को देखते हुए मंदिर प्रबंधन एवं सेवकों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर दर्शन और आशीर्वाद लेने का आग्रह किया गया, जिससे पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रही।


भव्य सत्संग, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारा..


गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान अजब धाम में भव्य सत्संग, भजन-कीर्तन और गुरु वंदना का आयोजन किया गया। संतों एवं भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।


गुरु पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने अजब धाम की अनुशासित व्यवस्था, सेवा भावना और उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में अजब धाम सेवा समिति, शिष्यगणों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर अजब धाम एक बार फिर आस्था, भक्ति और गुरु परंपरा के प्रति समर्पण का केंद्र बन गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक शांति और गुरु कृपा का अनुभव किया।

About The Author