जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love

जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार

दमोह। जबेरा थाना पुलिस ने लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और नगदी बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को भाटखमरिया निवासी संदीप राय पिता पवन राय, उम्र 28 वर्ष, ने थाना जबेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 4 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त शुभम साहू के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 ND 0372 से जबेरा जा रहा था। दाने बाबा मंदिर से करीब 200 मीटर आगे जबेरा की ओर कुछ अज्ञात युवकों ने सड़क की पटरी पर मोटरसाइकिल अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने फरियादी की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे दो मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद, कपड़ों का बैग तथा मोटरसाइकिल की चाबी लूटकर मौके से फरार हो गए। शिकायत पर थाना जबेरा में अपराध क्रमांक 219/26 के तहत धारा 126(2), 309(6), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस..

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जबेरा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने मामले में चंदन उर्फ बहेरा पिता बोटा चौधरी (22), निवासी बिछिया कॉलोनी जबेरा, ईदुल नवी उर्फ कचरा पिता नजर मोहम्मद (26), निवासी कटंगी, जिला जबलपुर तथा राहुल यादव पिता किशन लाल यादव (21), निवासी वार्ड नंबर-1 कूडन मोहल्ला कटंगी, जिला जबलपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा वारदात में शामिल होना स्वीकार किए जाने की पुलिस ने बात कही है। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मशरूका बरामद किया गया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका..

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जबेरा उपुअ रविन्द्र बागरी, चौकी प्रभारी सिंग्रामपुर उपनिरीक्षक विकास सिंह चौहान, उपनिरीक्षक गणेश दुबे, सउनि माधव राय सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में साइबर सेल दमोह की टीम का भी सहयोग रहा।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी तेंदूखेड़ा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author