तहसील, जनपद और गांवों तक पहुंचेगा तिरंगा अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा..
9 से 17 अगस्त तक जिले में चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों से लेकर सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की होगी सहभागिता..
दमोह। जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, जनपद और ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सर्किट हाउस में अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तिरंगा अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए तहसील, जनपद मुख्यालय और गांव-गांव तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से अभियान में सहभागिता करने का आह्वान किया।
13 अगस्त को तहसील मैदान से निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा..
अभियान के तहत 13 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित तहसील मैदान से वृहद तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक शामिल होंगे। यात्रा में पुलिस बैंड राष्ट्रभक्ति की धुनें प्रस्तुत करेगा।
इसी दिन जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर भी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान जन-जन का अभियान बन सके।
12 अगस्त को तिरंगा कंसर्ट, 14 को तिरंगा दौड़..
जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा कंसर्ट आयोजित होगा, जिसमें देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
वहीं 14 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा तिरंगा दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है। इसके अलावा जिला स्तर पर तिरंगा निर्माण प्रतियोगिता सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
घर-घर तिरंगा फहराने की अपील..
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक भवनों के साथ ही आम नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया है।
बैठक में संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक उमा देवी खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, वनमंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


More Stories
कपिल जनरल स्टोर के पास दो युवकों पर चाकू से हमला, एक जबलपुर रेफर..
समरसता का संदेश लेकर दमोह पहुंची संत रविदास महाराज की कलश यात्रा, भाजपा नेताओं ने किया भव्य स्वागत..
जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार..