जिला अस्पताल में शव की जेब से रुपए चोरी का आरोपशव स्ट्रेचर पर था, चोर ने जेब से निकाले 7-8 हजार रुपए; परिजनों ने पकड़कर की पिटाई..

Spread the love

जिला अस्पताल में शव की जेब से रुपए चोरी का आरोप
शव स्ट्रेचर पर था, चोर ने जेब से निकाले 7-8 हजार रुपए; परिजनों ने पकड़कर की पिटाई

जिला अस्पताल में मरीज की मौत के बाद शव ले जाने की तैयारी के दौरान वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दमोह। जिला अस्पताल दमोह में एक मरीज की मौत के बाद शव को घर ले जाने की तैयारी कर रहे परिजनों के सामने उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने स्ट्रेचर पर रखे मृतक की जेब से कथित तौर पर हजारों रुपए निकाल लिए। परिजनों ने युवक को रुपए निकालते देख लिया और पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी।

परिजन गोलू चौरसिया ने बताया कि वे हिंडोरिया निवासी अपने चाचा ओमप्रकाश चौरसिया को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर आए थे। उन्हें अटैक आया था और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग शव को घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और स्ट्रेचर पर रखे शव की जेब से करीब 7 से 8 हजार रुपए निकालकर भागने लगा। परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने युवक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। रुपए वापस लेने के बाद आक्रोशित परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी।

पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी पर सवाल..

परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर न तो कोई पुलिसकर्मी पहुंचा और न ही अस्पताल का कोई सुरक्षा कर्मचारी तत्काल सामने आया। परिजनों ने खुद ही युवक को पकड़कर रुपए वापस लिए। बाद में उसे वहां से भगा दिया गया।

घटना ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में जहां मरीजों और उनके परिजनों की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है, वहीं शव की जेब से रुपए निकालने जैसी घटना सामने आने के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल घटना की आधिकारिक पुलिस शिकायत और आरोपी युवक की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि अस्पताल प्रबंधन या पुलिस मामले की जांच करती है तो यह भी सामने आ सकता है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद युवक शव तक कैसे पहुंचा और घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी कहां थी।

About The Author