घर में रखे पटाखों में विस्फोट, युवक गंभीर रूप से घायल..

Spread the love

घर में रखे पटाखों में विस्फोट, युवक गंभीर रूप से घायल

सांप भगाने के प्रयास में पटाखों में लगी आग, निहाल कुंचदिया को जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर

दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत ग्राम किल्लाई में घर में रखे पटाखों में आग लगने से जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को परिजन तत्काल जिला अस्पताल दमोह लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घायल की पहचान निहाल पिता राजकुमार कुंचदिया, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम किल्लाई के रूप में हुई है।

सांप घुसने के बाद पटाखों में लगी आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार घर के एक हिस्से में रखे पटाखों के पास सांप घुस गया था। सांप को भगाने के प्रयास के दौरान पटाखों में आग लग गई, जिसके बाद अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से निहाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद दमोह देहात थाना पुलिस और जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर में पटाखे किस उद्देश्य से और कितनी मात्रा में रखे गए थे तथा उन्हें रखने और इस्तेमाल करने से संबंधित नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और पटाखों के संबंध में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घायल निहाल का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।

About The Author