हटा में जन विश्वास शिविर: मौके पर सुनी गईं समस्याएं, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश..

Spread the love

हटा में जन विश्वास शिविर: मौके पर सुनी गईं समस्याएं, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश..

विधायक और कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, टीबी मरीज को फूड बास्केट और दो बच्चों को बांटे निःशुल्क चश्मे..

दमोह। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हटा में आयोजित शिविर में आमजन की समस्याओं की सुनवाई के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं लोगों को उपलब्ध कराई गईं। शिविर में हटा विधायक उमा देवी खटीक और कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेने के साथ उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली।

विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचे नागरिकों को संबंधित योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

टीबी मरीज को फूड बास्केट, दो बच्चों को चश्मे वितरित..

जन विश्वास शिविर के दौरान विधायक उमा देवी खटीक ने एक टीबी मरीज को फूड बास्केट वितरित किया। इससे मरीज को उपचार के साथ पोषण संबंधी सहयोग मिलेगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित कमजोर नजर वाले दो बच्चों को मंच से निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मे मिलने के बाद बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।

गांव-गांव विकास और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर..

मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि गांव-गांव में विकास को गति देने, पात्र हितग्राहियों को उनका हक दिलाने तथा किसानों सहित आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए शिविरों के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं और लंबित कार्यों की जानकारी लेकर उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

विधायक बोलीं- आमजन की समस्याओं के समाधान को मिल रही गति..

हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन आमजन की समस्याओं के निराकरण और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि हटा विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से जनकल्याण से जुड़े कार्यों का निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता- रंजीता पटेल..

जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। गांवों के विकास और ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ा जाए, जिन्हें अभी तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं।

हर आवेदन पर संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश..

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शिविर में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों को अपने समक्ष बुलाकर उनकी समस्या और आवेदन को समझें तथा नियमानुसार समुचित निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी पहुंच के निकट करना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई की जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

उद्यमियों से भी किया संवाद..

शिविर के दौरान कलेक्टर ने क्षेत्र के उद्यमियों से चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए उद्यम स्थापित करने की दिशा में आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों को क्षेत्र में उद्यम और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश भी दिए गए।

About The Author

You may have missed