दमोह जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर अचानक बंद हुई लिफ्ट, आधे घंटे तक अंदर फंसे रहे लोग; मची अफरा-तफरी
देर रात लिफ्ट में मरीजों के परिजन फंसने से परेशान हुए लोग, ड्यूटी गार्ड की मदद से खुली लिफ्ट; आए दिन खराब होने की शिकायतों ने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
दमोह। जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात अस्पताल की तीसरी मंजिल पर संचालित लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई। लिफ्ट के अंदर मौजूद कुछ मरीजों के परिजन उसमें फंस गए। अचानक लिफ्ट बंद होने से अंदर मौजूद लोग घबरा गए, वहीं काफी देर तक लिफ्ट नहीं खुलने के कारण उनके परिजन भी परेशान होते रहे। करीब आधे घंटे तक लोग लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। बाद में ड्यूटी गार्ड और अस्पताल के कर्मचारी की मदद से लिफ्ट को किसी तरह चालू कराया गया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
आधे घंटे तक लिफ्ट में कैद रहे लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर लगी लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गई। लिफ्ट के अंदर मौजूद लोगों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन लिफ्ट चालू नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलने पर ड्यूटी गार्ड मौके पर पहुंचा। इसके बाद अस्पताल के संबंधित कर्मचारी को सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट को चालू कराया गया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
लिफ्ट से बाहर निकले लोग काफी घबराए हुए नजर आए। जब मीडिया ने उनसे घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया तो वे कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए।
कर्मचारी बोले- सुधार कार्य कर लिफ्ट चालू कराई गई
जिला अस्पताल के ड्यूटी कर्मचारी खिलान सिंह अहिरवार ने बताया कि लिफ्ट बंद होने की सूचना मिलने पर वह तत्काल तीसरी मंजिल पर पहुंचे थे। इसके बाद सुधार कार्य कर लिफ्ट को चालू कराया गया। हालांकि लिफ्ट किन कारणों से बंद हुई थी, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल उन्हें नहीं है।
आए दिन लिफ्ट बंद होने की शिकायत, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में लिफ्ट बंद होने की समस्या कोई नई नहीं है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट आए दिन अचानक बंद हो जाती है और कई बार लोग उसके अंदर ही फंसकर रह जाते हैं। इसके बावजूद लिफ्ट के नियमित रखरखाव और तकनीकी जांच को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर अवस्था में भर्ती मरीजों के परिजन आते-जाते हैं। ऐसे में लिफ्ट का अचानक बंद होना किसी के लिए भी बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बन सकता है। यदि लिफ्ट में कोई गंभीर मरीज, बुजुर्ग या सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहा व्यक्ति फंस जाए तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
सवाल यह है कि जब जिला अस्पताल में लिफ्ट जैसी महत्वपूर्ण सुविधा बार-बार खराब हो रही है तो उसकी नियमित जांच और रखरखाव की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है? क्या लिफ्ट की तकनीकी जांच समय पर कराई जा रही है? क्या आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था मौजूद है?
इस घटना ने जिला अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत है कि अस्पताल प्रबंधन लिफ्ट की तकनीकी जांच किसी विशेषज्ञ एजेंसी से कराए, नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करे और आपातकालीन स्थिति के लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज या उसके परिजन को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब देखना यह होगा कि इस घटना के बाद जिला अस्पताल प्रबंधन लिफ्ट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कोई ठोस कदम उठाता है या फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जाएगा।


More Stories
दमोह जिला अस्पताल के पीछे रैन बसेरा में रात को लटका मिला ताला, ठंड में भटकते रहे मृत बच्ची के परिजन..
दमोह जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल, कीटनाशक पीने वाली किशोरी को स्ट्रेचर तक नहीं मिला..
कबीरपुर में खूनी तांडव: पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या, पति हिरासत में..