हीटर के अवैध उपयोग पर बिजली विभाग का शिकंजा, तेजगढ़-नोहटा में 17 प्रकरण दर्ज..हीटर से बढ़ रहा विद्युत लोड, विभाग की छापामार कार्रवाई में 1.90 लाख के 17 प्रकरण बने..

Spread the love

विद्युत हीटर के अवैध उपयोग पर छापामार कार्रवाई, 17 प्रकरण दर्ज..

दमोह। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत हीटर के बढ़ते अवैध एवं अनधिकृत उपयोग के खिलाफ विद्युत विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाते हुए 17 प्रकरण दर्ज किए हैं। विभाग की कार्रवाई में कुल करीब 1.90 लाख रुपये की राशि के प्रकरण बनाए गए।

कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू के निर्देशन में 16 सितंबर 2026 को सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता के नेतृत्व में टीमों का गठन कर विभिन्न ग्रामों में सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान तेजगढ़ क्षेत्र में 11 और नोहटा क्षेत्र में 6 प्रकरण दर्ज किए गए।

हीटर से ट्रांसफार्मर पर बढ़ रहा अतिरिक्त भार

विद्युत विभाग के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विद्युत हीटर चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। अत्यधिक विद्युत खपत वाले हीटरों के उपयोग से विद्युत वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिसके चलते ट्रांसफार्मरों में ट्रिपिंग और फॉल्ट की स्थिति उत्पन्न होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

अवैध उपयोग पर कार्रवाई जारी रहेगी

जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विद्युत हीटर का उपयोग केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से करने की समझाइश दी। साथ ही विद्युत चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग से बचने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।

कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी एवं अनधिकृत उपयोग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि बिजली का उपयोग वैध कनेक्शन के माध्यम से ही करें और ऐसे उपकरणों के उपयोग में विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

About The Author

You may have missed