कबीरपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी, पत्नी और तीन मासूम बच्चों की मौत..
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया; एफएसएल टीम ने शुरू की जांच..
दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। घर में 27 वर्षीय महिला और उसके तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से गांव में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में महिला के पति द्वारका पटेल पर पत्नी और बच्चों की हत्या करने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान खेमा पटेल, बेटी उर्मिला पटेल (7), बेटे उमेश पटेल (4) और एक वर्षीय बेटे राजा पटेल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात शनिवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि उस समय महिला और बच्चे घर में सो रहे थे।
लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद..
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। करीब छह माह पहले भी महिला की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना से पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था और परिजनों ने समझौते का प्रयास किया था। पुलिस अब पुराने विवाद और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हत्या के कारण को लेकर कई पहलुओं पर जांच..
घटना के पीछे पारिवारिक विवाद के साथ ही अवैध संबंध के शक की बात भी सामने आ रही है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ, परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर वारदात की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी हैं।
मौके पर पहुंचे एसपी और वरिष्ठ अधिकारी..
चार लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों तथा परिजनों से जानकारी ली।
सागर से एफएसएल टीम बुलाई गई..
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वैज्ञानिक जांच के लिए सागर से एफएसएल टीम बुलाई गई है। टीम घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर रही है, जिनके आधार पर वारदात के घटनाक्रम को स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। आरोपी पति से पूछताछ के साथ ही पुलिस पुराने विवाद, घटना के समय मौजूद परिस्थितियों और हत्या के पीछे की वजहों को खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्याकांड की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


More Stories
दमोह के रॉयल दमयंती पैलेस में बड़ा हादसा: गैस पाइप फटने से आग, एक की मौत, दो गंभीर..
आईजी इरशाद वली का दमोह के दो थानों में औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्त निर्देश..
हटा में जन विश्वास शिविर: मौके पर सुनी गईं समस्याएं, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश..