दमोह के रॉयल दमयंती पैलेस में बड़ा हादसा: गैस पाइप फटने से आग, एक की मौत, दो गंभीर
सगाई समारोह के दौरान खाना बनाते समय हुआ हादसा, कैटरिंग टीम के तीन लोग झुलसे; पुलिस ने शुरू की जांच
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत स्थित रॉयल दमयंती पैलेस में सगाई समारोह के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाने के दौरान गैस पाइप लाइन फटने से अचानक आग भड़क गई। हादसे में कैटरिंग टीम से जुड़े तीन लोग आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को तत्काल दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव नामक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय और राजा बाबू का उपचार जारी है।
सगाई समारोह के दौरान भड़की आग..
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल रॉयल दमयंती पैलेस में अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के लिए रायपुर के भाटापारा से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी। खाना बनाने के दौरान अचानक गैस पाइप लाइन फट गई, जिससे आग तेजी से भड़क उठी और वहां काम कर रहे कैटरिंग कर्मी इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। होटल स्टाफ और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
एक की मौत, दो का उपचार जारी…
जिला अस्पताल पहुंचाए गए तीन घायलों में गौरव की हालत गंभीर बताई गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय और राजा बाबू को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। आग से प्रभावित दो अन्य लोगों को भी अस्पताल लाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच..
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रॉबिन जैन, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गैस पाइप लाइन किस वजह से फटी और आग लगने की पूरी परिस्थितियां क्या थीं। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


More Stories
कबीरपुर में खूनी तांडव: पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या, पति हिरासत में..
आईजी इरशाद वली का दमोह के दो थानों में औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्त निर्देश..
हटा में जन विश्वास शिविर: मौके पर सुनी गईं समस्याएं, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश..