दमोह: गूगरा कलां में दो पेटी अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त..

Spread the love

बटियागढ़ के गूगरा कलां में दो पेटी अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

दमोह। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बटियागढ़ थाना क्षेत्र की केरबना चौकी पुलिस ने ग्राम गूगरा कलां में दो पेटी शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। कार्रवाई भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना पर की गई। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता दुर्गा चालीसा पाठ में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सामने से मोटरसाइकिल पर आता एक व्यक्ति दिखाई दिया। बताया गया कि संगठन के कार्यकर्ताओं को देखकर मोटरसाइकिल सवार ने भागने का प्रयास किया, जिस पर कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल केरबना चौकी प्रभारी शिवनारायण यादव को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल सवार से पूछताछ करते हुए तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से लाल मसाला ब्रांड की 100 पाव शराब, कुल दो पेटी, बरामद की गई। मौके पर शराब से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी की पहचान सीगोन निवासी व्यक्ति के रूप में बताई गई है।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने अवैध शराब बिक्री पर उठाए सवाल

कार्रवाई के दौरान भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर चिंता जताई। उनका आरोप है कि क्षेत्र में शराब की अवैध सप्लाई लगातार जारी है और युवा पीढ़ी पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।

About The Author