मारुताल की वैष्णवी गौशाला में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव, राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी बोले- प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का पर्व है गोवर्धन पूजा..

Spread the love

मारुताल की वैष्णवी गौशाला में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव, राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी बोले- प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का पर्व है गोवर्धन पूजा

सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने भी रखे विचार, गौ माता के नए शेड का हुआ भूमि पूजन, दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

दमोह। दीपावली पर्व के बाद जिले में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मारुताल स्थित वैष्णवी गौशाला में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गौसेवकों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया। धार्मिक विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजन एवं गौ माता की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर गौ माता के लिए नवीन शेड निर्माण का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ। साथ ही दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का संदेश देती है : राज्यमंत्री लोधी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि भारतीय त्योहार केवल धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक पर्व अपने भीतर सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश समाहित किए हुए है। गोवर्धन पूजा, गौ पूजा और अन्नकूट का पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान रखने, गौवंश का संरक्षण करने और गौसेवा का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का मूल उद्देश्य प्रकृति की ओर लौटना, पर्यावरण का संरक्षण करना और गौसेवा को प्रोत्साहित करना है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और गौवंश का संरक्षण हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने इस पावन अवसर पर प्रदेश, देश एवं क्षेत्रवासियों को गोवर्धन पूजा, गौ पूजा और अन्नकूट पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सनातनी परंपराओं और किसानों के सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सांसद राहुल सिंह लोधी

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दशहरे पर शस्त्र पूजन, दीपावली पर गोवर्धन पूजा और होली जैसे पर्वों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के हजारों गोपालकों के खातों में प्रोत्साहन राशि अंतरित की गई है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, यूरिया मुक्त खेती की दिशा में आगे बढ़ने और गौ-संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सांसद ने कहा कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। बलराम महोत्सव के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ कृषि और पशुपालन के क्षेत्र को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दीपावली के बाद जिलेभर में श्रद्धा से हुआ गोवर्धन पूजन : विधायक जयंत मलैया

विधायक जयंत मलैया ने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर जिलेभर में लोगों ने विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात गोवर्धन पूजा का पर्व भी पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

उन्होंने कहा कि जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। समाज और सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चयनित लोगों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में पदक प्रदान किए गए। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनते हैं।

गौसेवा के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर : भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि शासन, प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयासों से धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ी हुई है।

उन्होंने मारुताल स्थित वैष्णवी गौपालक परिसर में आयोजित दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए गौसेवा, सनातन संस्कृति और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

गौ माता के नए शेड का भूमि पूजन, दुग्ध उत्पादकों का हुआ सम्मान

गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर वैष्णवी गौशाला परिसर में गौ माता के लिए नवीन शेड निर्माण का भूमि पूजन किया गया। इस दौरान विधि-विधान से पूजन-अर्चन पंडित श्री पौराणिक द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से गौपालकों को बेहतर पशुपालन, गौवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया, दीपक तिवारी, राघवेंद्र परिहार, संजय यादव, मनीष सोनी, भरत यादव, रमाकांत बाजपेयी, कृष्णा राज, नितिन चौरसिया, डॉ. केदार शर्मा, विकास गुप्ता, वेद दुबे, सिकंदर खरारे, सोनू यादव, मोंटी रैकवार, सृजन असाटी, नित्या प्यासी, अखलेश सिंह ठाकुर, आलोक असाटी, कृष्णा पटैल, दीपक नेमा, सत्यम चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, गौसेवक, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन विपिन चौबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ. के.पी. कुर्मी द्वारा किया गया।

धार्मिक आस्था, प्रकृति संरक्षण, गौवंश संवर्धन और किसानों की आर्थिक समृद्धि के संदेश के साथ मारुताल की वैष्णवी गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव संपन्न हुआ।

About The Author

You may have missed